चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज चंडीगढ़ दौरे पर रहें जहां उन्होंने 10 से ज्यादा सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बजट खर्च और जरूरी विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
रूफटाप सोलर सिस्टम में आएगी तेजी
बिजली विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने खेती के लिए पंपों को सोलर आधारित करने के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना को समय पर लागू किया जाए. प्रदेश के सभी सरकारी भवनों पर रूफटाप सोलर सिस्टम लगाने में तेजी लाई जाए. बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि 5 हजार सरकारी भवनों का सर्वे पूरा कर लिया गया है और रूफटाप सोलर सिस्टम स्थापित करने का काम प्रगति पर है.
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुके बस अड्डों का जीर्णोद्धार करने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने बताया कि टोहाना, बरवाला और कनीना में बस स्टैंड की मरम्मत और रखरखाव से जुड़े कार्य लगभग पूरा होने की कगार पर है जबकि नीलोखेड़ी, बादली व बहल सहित कई अन्य बस अड्डों पर तेजी से काम चल रहा है.
दालों की खेती को मिलेगा बढ़ावा
सीएम नायब सैनी ने अधिकारियों को एमएमएमई के तहत छोटे उद्योगों को अधिक प्रोत्साहन देने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि सूबे में दालों के उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में नए प्रयास होने चाहिए. ज्यादा से ज्यादा संख्या में किसानों का दालों की खेती के प्रति रूझान बढ़े, इसके लिए एक विशेष नीति बनाने के निर्देश दिए.
उन्होंने खैर के पेड़ों की गैर- कानूनी कटाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए. उन्होंने कहा कि विदेशों में शिक्षा ग्रहण या काम करने के इच्छुक स्टूडेंट्स को विदेशी भाषा सीखाने के लिए स्पेशल कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए. ज्यादा- से- ज्यादा ‘हर हित स्टोर’ व सीएम पैक्स खोले जाएं और इनके संचालन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों को सौंपी जानी चाहिए.
