चंडीगढ़ | हरियाणा में राशन कार्ड (Ration Card) धारकों को अब मोबाइल फोन पर मैसेज के माध्यम से सूचना मिलेगी कि उन्होंने राशन डिपो से कितना राशन प्राप्त किया है. गैस सिलेंडर बुकिंग या फिर बैंक ट्रांजेक्शन के समय जैसे मैसेज आता है, ठीक उसी तरह राशन डिपो से राशन लेने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज आएगा.
खाद्य मंत्री ने ली बैठक
इस संबंध में खाद्य एवं पूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राशन डिपो पर लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. राशन का वितरण समय पर होना चाहिए. यदि किसी कारणवश राशन डिपो की सप्लाई रोकनी पड़े, तो उसके नजदीकी डिपो को उसकी सप्लाई दी जाए.
इससे पहले खाद्य मंत्री राजेश नागर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी कर चुके हैं कि राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी राशन डिपो पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. इन कैमरों से जिला स्तर और मुख्यालय स्तर पर राशन वितरण की निगरानी की जाएगी. इससे डिपो होल्डरों के काम में पारदर्शिता आएगी और गरीब व्यक्तियों के राशन में धांधली होने से भी बचा जा सकेगा.
दोषी अधिकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि डिपो खुलने का समय भी तय कर दिया गया है, आम लोगों को किसी तरह से परेशान नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने गरीबों के राशन की समुचित मात्रा समय पर पहुंचाने के लिए जहां अधिकारियों से सहयोग करने का आह्वान किया. गड़बड़ी करने वाले डिपो होल्डरों को संरक्षण देने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
