नूंह | हरियाणा के मेवात कैडर में 1456 प्राइमरी टीचर पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है, लेकिन चयनित अभ्यर्थियों की लापरवाही के कारण मामला फिर चर्चा में है. दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाए गए 256 अभ्यर्थी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए. अब शिक्षा विभाग ने इन्हें आखिरी अवसर देते हुए 18 और 19 अगस्त को दोबारा दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया है. विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मौके पर भी गैरहाजिर रहने पर चयन रद्द किया जा सकता है.

HSSC ने विज्ञापन संख्या 05/2024, कैटेगरी नंबर-1 के तहत मेवात कैडर में 1456 प्राइमरी टीचर पदों पर भर्ती निकाली थी. इनमें 607 पद सामान्य वर्ग, 300 एससी, 242 बीसीए, 170 बीसीबी और 71 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए निर्धारित किए गए थे. इसके अलावा, ईएसएम वर्ग के लिए भी पद रखे गए थे.
2024 में शुरू हुई थी भर्ती प्रक्रिया
भर्ती के लिए अगस्त 2024 में ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे. इसके बाद 28 सितंबर 2024 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा के बाद HSSC ने पात्र अभ्यर्थियों की डॉक्यूमेंट स्क्रूटनी की प्रक्रिया शुरू की. आयोग के रिकॉर्ड में यह भर्ती 1456 पदों वाली PRT मेवात कैडर भर्ती के रूप में दर्ज है. शिक्षा विभाग की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को पहले भी दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया था. विभाग के नोटिस के अनुसार, कुछ अनुशंसित अभ्यर्थी निर्धारित तारीख पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कमेटी के सामने उपस्थित नहीं हुए. अब विभाग ने ऐसे अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर दिया है.
टंकीवाला स्कूल में सत्यापन
दस्तावेज सत्यापन के लिए गैरहाजिर रहे अभ्यर्थियों को 18 और 19 अगस्त को राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल (टंकीवाला), नूंह में पहुंचना होगा. यहां दस्तावेज सत्यापन समिति के सामने उन्हें उपस्थित होना पड़ेगा. अभ्यर्थियों को अपने दावे से संबंधित मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे. विभाग ने नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई अभ्यर्थी 18 और 19 अगस्त को भी दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे नियुक्ति में रुचि नहीं रखने वाला माना जाएगा. इसके बाद HSSC की अनुशंसा के आधार पर हुआ उसका चयन बिना किसी अन्य नोटिस के रद्द किया जा सकता है.