चंडीगढ़ | ड्राइविंग सीखने के इच्छुक लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के रायपुर कलां में 4 एकड़ जमीन पर नया क्षेत्रीय ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोला जाएगा जहां गाड़ी चलाना सीखने के इच्छुक युवाओं को नई तकनीक और सड़क नियमों से ड्राइविंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा. चंडीगढ़ प्रशासन ने बताया कि इसका उद्देश्य सड़क दुघर्टनाओं में कमी लाना और जिम्मेदार ड्राइवर तैयार करना है. यहां राज्य परिवहन अंडरटेकिंग समेत अन्य संस्थानों के ड्राइवर भी प्रशिक्षण ले सकेंगे. इस सेंटर में ज़रूरी कार्यालय, आधुनिक तकनीक से लैस वाहन और प्रशिक्षण से जुड़े सभी संसाधन उपलब्ध कराएं जाएंगे.
चंडीगढ़ में खुलेगा ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर
प्रशासन ने इस ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण और संचालित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इसमें NGO, शिक्षा से जुड़े संस्थान, सरकारी- स्वायत्त संस्थाएं, निजी कंपनियां और वाहन निर्माता कंपनी आवेदन कर सकती हैं. जिस संस्था का चयन होगा, उसे अपने खर्चे और अपने संसाधनों से सेंटर को संचालित करना होगा.
इस ट्रेनिंग सेंटर में ड्राइवर्स को नए मॉडल की गाड़ियां पर मुफ्त और नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा. ट्रेनिंग पीरियड के दौरान सही ड्राइविंग, गाड़ियों की छोटी- मोटी मरम्मत, रख- रखाव और ट्रैफिक नियमों का बारिकियों से अध्ययन करवाया जाएगा. फर्स्ट ऐड सहित आपातकालीन स्थिति में किस तरह संयम रखते हुए गाड़ी चलाना चाहिए, इस तरह की हर जानकारी दी जाएगी.
लाइसेंस प्राप्त करना होगा आसान
यहां ड्राइविंग प्रशिक्षण लेने वाले लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस हासिल करने के लिए अलग से टेस्ट देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर ही टेस्ट लेंगे और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस बनाने पर फैसला लिया जाएगा.
