चंडीगढ़ | हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने पिछले साढ़े 11 सालों में सुशासन स्थापित करने को लेकर अनेक प्रभावी कदम उठाएं हैं जिनके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में अब राजस्व संबंधी शिकायतों के निवारण के लिए सूबे की बीजेपी सरकार ने एक और बड़ी पहल की है.

48 घंटे के भीतर होगा शिकायतों का निवारण
गौरतलब है कि रजिस्ट्रियों को ऑनलाइन करने एवं राजस्व रिकॉर्ड का भी डिजिटलाइजेशन करने के बावजूद सरकार को राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के साथ साथ अन्य कई तरह की शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों के निवारण के लिए सरकार ने अब सिटीजन हेल्पडेस्क लांच किया है. इस डेस्क के माध्यम से राजस्व से संबंधित शिकायतों का निवारण 48 घंटे के भीतर किया जाएगा.
कोई भी व्यक्ति टोकन अनुमोदन में देरी, ऑनलाइन सिस्टम की तकनीकी खामियों, पेपरलैस पंजीकरण समस्या, भ्रष्टाचार, उत्पीड़न व संपत्ति पंजीकरण से जुड़ी अनियमितताओं के बारे में अपनी शिकायत इस हेल्प डेस्क पर दर्ज करवा सकेंगे. इसके लिए सरकार की ओर से टोल फ्री नंबर और Email आईडी जारी की गई है. शिकायत दर्ज कराने का समय सुबह साढ़े 9 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक रहेगा.
वरिष्ठ अधिकारी रखेंगे सीधी निगरानी
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि टोकन 5 दिन में मंजूर न हो तो शिकायत की जा सकती है. टोकन के बाद 10 दिन में अप्वाइंटमेंट जरूरी होगी अन्यथा टोकन रद्द माना जाएगा. अप्वाइंटमेंट के बाद 20 दिन में पंजीकरण पूरा करना भी जरूरी है.
सभी शिकायतों का 48 घंटे में समाधान भी अनिवार्य है. पारदर्शिता के लिए केंद्रीकृत मॉनिटरिंग डैशबोर्ड बनाया गया है जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी रहेगी. पेपरलैस पंजीकरण शिकायत में टोकन नंबर देना जरूरी होगा.