हरियाणा में पुरानी गाड़ियों की स्क्रैपिंग से मिलेगा युवाओं को रोजगार, 10 संस्थानों में शुरू खास ट्रेनिंग

चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार वाहन स्क्रैपिंग और रीसाइक्लिंग को संगठित उद्योग के रूप में विकसित करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने की योजना पर काम कर रही है. इसी दिशा में सरकारी आईटीआई, पॉलीटेक्निक और कौशल संस्थानों में वाहन स्क्रैप और रीसाइक्लिंग से जुड़े विशेष प्रशिक्षण को सरकारी आर्थिक सहायता से जोड़ा गया है. इसके तहत प्रदेश के 10 सरकारी कौशल संस्थानों, आईटीआई और पॉलीटेक्निक में यह प्रशिक्षण कराया जाएगा.

Car Scrape

सरकार प्रत्येक संस्थान को अधिकतम पांच साल तक हर साल 25 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देगी. यह राशि प्रशिक्षण पर होने वाले शुद्ध खर्च की अधिकतम 75 फीसदी होगी. प्रत्येक संस्थान को हर साल कम से कम 125 युवाओं को प्रशिक्षण देना होगा.

तैयार होगा कोर्स

इस हिसाब से हर साल करीब 1,250 युवा वाहन स्क्रैप और रीसाइक्लिंग का प्रशिक्षण ले सकेंगे. पांच साल में यह संख्या करीब 6,250 तक पहुंचने की उम्मीद है. सरकार ने अभी इस प्रशिक्षण का नाम तय नहीं किया है. संस्थानों को वाहन स्क्रैपिंग और रीसाइक्लिंग इंडस्ट्री से जुड़े अलग-अलग जॉब रोल के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करना होगा. पाठ्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप होना जरूरी होगा. इसके अलावा, कोर्स को राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी), संबंधित सेक्टर स्किल काउंसिल या केंद्र सरकार से अधिकृत एजेंसी से प्रमाणित कराना होगा.

नौकरी तक होगी निगरानी

योजना में सिर्फ युवाओं को प्रशिक्षण देने पर जोर नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार दिलाने तक संस्थानों की जिम्मेदारी तय की गई है. सरकार आर्थिक सहायता तीन चरणों में जारी करेगी. प्रशिक्षण शुरू होने पर 30 फीसदी, सफल प्रमाणन के बाद 40 फीसदी और प्लेसमेंट के आधार पर बाकी 30 फीसदी राशि दी जाएगी. प्रमाणन के बाद प्रशिक्षित युवाओं की तीन महीने की अप्रेंटिसशिप और प्लेसमेंट का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा. इससे संस्थानों पर युवाओं को रोजगार योग्य बनाने का दबाव रहेगा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में मौसम ने फिर बदली करवट, उमस के बाद तेज बारिश; कई दिन तक बरसात के आसार

26 पंजीकृत स्क्रैपिंग केंद्र

यह योजना हरियाणा की 2024 की पंजीकृत वाहन स्क्रैप एवं रीसाइक्लिंग सुविधा प्रोत्साहन नीति से जुड़ी है. सरकार प्रदेश में पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग और रीसाइक्लिंग इकाइयों को बढ़ावा दे रही है. हरियाणा में फिलहाल वाहन स्क्रैपिंग के 26 पंजीकृत केंद्र हैं, जिनमें से 7 संचालित नहीं हैं. सरकार का मानना है कि इन इकाइयों की संख्या बढ़ने पर पुराने वाहनों के वैज्ञानिक निस्तारण के साथ उपयोगी धातु और अन्य सामग्री की रिकवरी व रीसाइक्लिंग का काम भी बढ़ेगा.

इसके साथ डिस्मेंटलिंग, मशीन संचालन, वाहन पुर्जों की छंटाई, सामग्री रिकवरी और रीसाइक्लिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग बढ़ सकती है. नई कौशल योजना इसी संभावित रोजगार जरूरत को देखते हुए युवाओं को पहले से तैयार करने की दिशा में कदम है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.