चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) की तरफ से सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे 10वीं से 12वीं कक्षा के बच्चों को टैब उपलब्ध करवाए गए हैं. कोरोना काल में उस समय के सीएम मनोहर लाल खट्टर की तरफ से यह योजना शुरू की गई थी. इन टैबस की मदद से विद्यार्थी अपनी पढ़ाई सुचारू रूप से कर सकते हैं. फिलहाल हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 10वीं से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले 5 लाख विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर देखने को मिल रही है.
हर महीने मिलेगा 30 जीबी डाटा
इन विद्यार्थियों को मिले टैब में अब सिमकार्ड डालकर 30 जीबी डेटा प्रति महीना दिया जाएगा. विशेष बात यह है कि ये डेटा रोल ओवर होगा. रोल ओवर का अर्थ है कि अगर एक दिन में आप इसे इस्तेमाल नहीं कर पाए तो यह लैप्स नहीं होगा. पूरे एक महीने में इसे इस्तेमाल किया जा सकता है. जब यह योजना शुरू की गई थी, तब रोजाना दो जीबी डेटा विद्यार्थियों को मिलता था मगर इस्तेमाल न करने पर यह हर दिन लैप्स हो जाता था. पर अब यह लैप्स नहीं होगा.
3 महीने मिलेगा पढ़ाई का मौका
सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा विभाग इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया की शुरुआत करने जा रहा है. संभावनाएं बन रही है कि जनवरी में यह टैब फिर से चलने लगेंगे. इस शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को 3 महीने के लिए टैब से पढ़ाई का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें बोर्ड की परीक्षा की तैयारी में काफ़ी मदद मिलेगी.
अप्रैल से टैब में सिम है बंद
सरकार द्वारा टैब को चलाने की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, अब वित्त विभाग से अनुमति मिल गई है. बता दें कि इन टैब में अप्रैल से सिम बंद हैं. जब यह मामला सीएम नायब सिंह सैनी के संज्ञान में पहुंचा, तो उन्होंने इन टैब को शुरु करने के निर्देश जारी किए. यह योजना लगभग 700 करोड़ रुपए की है. योजना के तहत, 5 लाख टैब स्टूडेंट्स के पास हैं. कुछ टैब टीचर्स इस्तेमाल करते हैं.
