चंडीगढ़ | साल 2025 का आगाज हो चुका है. इस साल हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करें, तो कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. इनके इसी साल पूरा होने की उम्मीद जताई गई है. इन प्रोजेक्ट्स के पूरा होने पर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और लोगों को पहले से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी.
हरियाणा वासियों को मिलेगी इन प्रोजेक्ट्स की सौगात
- 144 एकड क्षेत्र में पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, कुटैल (करनाल) का सिविल कार्य पूरा हो चुका है. मेडिकल उपकरणों सहित अन्य कार्य अंतिम चरण में है. जल्द ही, यह जनता को समर्पित होगा. इस विश्वविद्यालय में 750 बिस्तरों के साथ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल होगा, जहां तृतीयक स्तर की स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं मिलेंगी.
- पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कालेज, भिवानी तथा महर्षि च्यवन ऋषि राजकीय मेडिकल कालेज कोरियावास (नारनौल) का कार्य 90% पूरा हो चुका है.
- गुरुग्राम के सेक्टर- 102A में 541 करोड़ की लागत से बन रहे श्री माता शीतला देवी मेडिकल कालेज के ढांचे का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. फिनिशिंग कार्य भी समानांतर रूप से जारी है.
- जींद के हैबतपुर में निर्माणाधीन संत शिरोमणि श्री धन्ना भगत राजकीय मेडिकल कालेज, कैथल के संपनखेड़ी में भगवान परशुराम राजकीय मेडिकल कालेज, श्रीगुरु तेग बहादुर राजकीय मेडिकल कालेज, पंजुपूर (यमुनानगर) का निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.
- हिसार के मय्यड़ में 50 बिस्तरों वाले आयुष अस्पताल के भवन का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है. इसी साल अक्टूबर तक यह शुरू हो जाएगा.
- नूंह के आकेड़ा में 60 बेड वाले सरकारी यूनानी कालेज और अस्पताल का 52 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. इसे इसी साल नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
- अंबाला के चांदपुरा में होम्योपैथिक कालेज और अस्पताल के निर्माण पर तेजी से कार्य चल रहा है.
- शहीद हसन खां मेवाती राजकीय मेडिकल कालेज, नल्हड़ में निवारक स्वास्थ्य उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना प्रक्रियाधीन है.
