खुशखबरी: चंडीगढ़ के इन इलाकों से ट्रैफिक जाम की होगी छुट्टी, 300 करोड़ से बनेगा नया फ्लाईओवर

चंडीगढ़ | सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर की सबसे बिजी सड़कों में से एक ट्रिब्यून चौक से जीरकपुर बार्डर तक ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने के लिए एक नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा. केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए सलाहकार एजेंसी को नियुक्त कर दिया है.

Flyover Bridge 2

यह एजेंसी अगले 3 महीनों में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. करीब साढ़े 4 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 300 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान जताया गया है.

यहां पर बनेगा नया फ्लाईओवर

केंद्रीय सड़क मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि NH-5 पर ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने के लिए GMCH-32 चौक से सीधे जीरकपुर बार्डर तक एक ही फ्लाईओवर का निर्माण संभव नहीं है क्योंकि पोल्ट्री फॉर्म चौक के पास पहले से रेलवे ओवरब्रिज बना हुआ है. इसी वजह से फ्लाईओवर को दो हिस्सों में तैयार किया जाएगा.

योजना के तहत पहला फ्लाईओवर ट्रिब्यून चौक पर बनेगा जबकि दूसरा रेलवे ओवरब्रिज के पास से शुरू होकर जीरकपुर बार्डर पर हाल ही में बने फ्लाईओवर तक जाएगा. इससे पोल्ट्री फॉर्म चौक, हल्लो माजरा लालबत्ती और पुराने एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट जैसी जगहों से ट्रैफिक जाम को खत्म करने में मदद मिलेगी.

यह भी पढ़े -  नौतपा के बीच राहत लेकर आई बारिश की बूंदें, जानें आगे कैसा रहेगा हरियाणा में मौसम

ट्रैफिक जाम की होगी छुट्टी

इस फ्लाईओवर के निर्माण के बाद ट्रिब्यून चौक से जीरकपुर बार्डर तक पूरा रास्ता सिग्नल फ्री हो जाएगा. वर्तमान में पीक आवर्स के दौरान यहां लोगों को अक्सर ट्रैफिक जाम से रूबरू होना पड़ रहा हैं जिससे लोगों का कुछ मिनटों का सफर घंटे में तब्दील हो रहा है. इससे लोगों को परेशानी हो रही है. लोगों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए अब सलाहकार एजेंसी मौजूदा सड़क ढांचे का अध्ययन कर विभिन्न डिजाइन विकल्पों का मूल्यांकन करेगी और तकनीकी व आर्थिक दृष्टि से सबसे उपयुक्त मॉडल की सिफारिश करेगी. इसी महीने इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा और अगले दो साल के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.