चंडीगढ़ | अगर आप 20 से 25 जुलाई के बीच चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले हैं तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का प्लेटफॉर्म नंबर जरूर जांच लें. स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते कई प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म अस्थायी रूप से बदले जा रहे हैं. ऐसे में पुरानी जानकारी के आधार पर स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) की ओर से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है.

इस परियोजना के तहत कॉनकोर्स लेवल पर छत के ऊपर बैलेंस स्ट्रक्चर लगाने का काम किया जाएगा. निर्माण कार्य के दौरान रेलवे प्रशासन दो चरणों में ब्लॉक लेगा. इस दौरान कुछ रेल लाइनों पर काम होने की वजह से कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म अस्थायी रूप से बदल दिए गए हैं.
किया जाएगा ब्लॉक
रेलवे प्रशासन के अनुसार, पहला ब्लॉक 20, 21 और 22 जुलाई को रहेगा. इन तीनों दिनों सुबह 10.10 बजे से दोपहर 2.10 बजे तक 4- 4 घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा. इस दौरान लाइन नंबर- 4 (प्लेटफॉर्म- 3), लाइन नंबर- 5 (प्लेटफॉर्म- 4), लाइन नंबर- 6 (प्लेटफॉर्म- 5), लाइन नंबर- 7 और लाइन नंबर- 8 (प्लेटफॉर्म- 6) पर निर्माण कार्य होगा. इस अवधि में 12046 चंडीगढ़- नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म- 6 की बजाय प्लेटफॉर्म- 2 से चलेगी. 14542 अमृतसर- चंडीगढ़ एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म- 2 के स्थान पर प्लेटफॉर्म- 1 पर आएगी.
यहां होगा काम
15531 सहरसा- अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म- 3 की जगह प्लेटफॉर्म- 1 से संचालित होगी. वहीं, 12058 दौलतपुर चौक- नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस और 14332 कालका- दिल्ली एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म- 2 की बजाय प्लेटफॉर्म- 3 से रवाना होंगी. दूसरे चरण का ब्लॉक 23, 24 और 25 जुलाई को रहेगा. इन दिनों भी रोजाना सुबह 10.10 बजे से दोपहर 2.10 बजे तक 4 घंटे के लिए निर्माण कार्य किया जाएगा. इस दौरान लाइन नंबर- 6 (प्लेटफॉर्म- 5), लाइन नंबर- 7 और लाइन नंबर- 8 (प्लेटफॉर्म- 6) पर काम होगा.
लोगों से अपील
दूसरे चरण में भी 12046 चंडीगढ़- नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म- 2 से चलेगी. 14542 अमृतसर- चंडीगढ़ एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म- 1 पर आएगी. 12058 दौलतपुर चौक- नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस और 14332 कालका- दिल्ली एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म- 3 से संचालित होंगी. चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रोजाना हजारों यात्री दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार की ओर सफर करते हैं. ऐसे में प्लेटफॉर्म बदलने का असर बड़ी संख्या में यात्रियों पर पड़ेगा. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और पहली बार यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत होगी.
यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का प्लेटफॉर्म नंबर रेलवे पूछताछ केंद्र, स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड, रेलवे कर्मचारियों या एनटीईएस के माध्यम से जरूर जांच लें. साथ ही, सामान्य दिनों की तुलना में कुछ पहले स्टेशन पहुंचें ताकि अंतिम समय में प्लेटफॉर्म बदलने की स्थिति में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.