चंडीगढ़ | हरियाणा में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार ने इन्हें रोडवेज विभाग की बसों में मुफ्त सफर का तोहफा दिया है. परिवहन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है.

रोडवेज बस में मुफ्त सफर की मिली सुविधा
परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक अब 40 से 99% तक दिव्यांगता वाले लोगों को हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में टिकट नहीं लेना पड़ेगा. प्रदेश सरकार के इस फैसले से लगभग 1.22 लाख दिव्यांग व्यक्तियों को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी.
बता दें कि इससे पहले साल 2007 में 100% दिव्यांग व्यक्तियों को एक सहायक सहित रोडवेज विभाग की साधारण बसों में हरियाणा प्रदेश के भीतर मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई थी, जिसे साल 2010 में तत्कालीन भुपेंद्र हुड्डा सरकार ने दिल्ली और चंडीगढ़ तक विस्तारित कर दिया था. वहीं, प्रदेश के दिव्यांग लगातार अपनी आवाज बुलंद करते आ रहे थे कि 100% से कम दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को भी इस सुविधा का लाभ दिया जाए. उनकी इस मांग को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने यह फैसला लिया है.
यह सुविधा केवल हरियाणा के निवासियों को राज्य की सीमा के भीतर, साथ ही चंडीगढ़ और दिल्ली तक मिलेगी. इसके लिए यात्रियों को अद्वितीय विकलांगता पहचान कार्ड बनवाना और यात्रा के दौरान दिखाना जरूरी होगा. 100% दिव्यांग व्यक्ति के साथ एक सहायक को पहले की तरह मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी.
दिव्यांग व्यक्तियों को मिलेगी राहत
दिव्यांग व्यक्तियों ने प्रदेश सरकार के इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इस फैसले से दिव्यांग स्टूडेंट्स, कामकाज करने वाले या फिर किसी अन्य कार्य के उद्देश्य से यात्रा करने वालों को राहत पहुंचेगी. अब उन्हें रोडवेज बस में मुफ्त सफर की सुविधा का लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें आवागमन में खर्च की टेंशन खत्म होगी. बता दें कि प्रदेश में स्टूडेंट्स, बुजुर्गाें और गरीब परिवारों सहित 42 श्रेणियों में लोगाें को मुफ्त या रियायती दरों पर यात्रा की सुविधा दी जाती है.