सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत शहर के लघु सचिवालय में निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ERO) एवं एसडीएम सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (एईआरओ), सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पोस्ट एसआइआर गतिविधियों को लेकर प्रशिक्षण दिया गया. इस दौरान नोटिस जनरेशन, उसके वितरण और निस्तारण की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.

इस मौके पर एसडीएम सुभाष चंद्र ने बताया कि सोनीपत विधानसभा क्षेत्र में कुल 2.56 लाख एन्यूमरेशन फार्म वितरित किए गए थे, जिनमें से अब तक 1.84 लाख फार्म वापस प्राप्त हो चुके हैं, जो कुल संख्या का लगभग 72 प्रतिशत है.
सोनीपत में सत्यापन पूरा
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी. इसके बाद, आने वाले दावों और आपत्तियों का निपटारा करने के बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. बैठक के दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र ने ईआरओ और बीएलओ को निर्देश दिए कि वे नोटिस के वितरण कार्य में तेजी लाएं. साथ ही, मतदाताओं को जरूरी दस्तावेजों को लेकर पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं.
प्रारूप वोटर लिस्ट
उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरी प्रक्रिया को और सुचारू ढंग से चलाने के लिए हर एईआरओ के साथ दो अतिरिक्त सदस्यों को जोड़ा जाएगा. वहीं, प्रत्येक सुपरवाइजर के साथ एक ग्रुप- डी कर्मचारी की तैनाती भी की जाएगी, ताकि काम में किसी तरह की देरी न हो. इस बैठक में एईआरओ किरण और दिनेश मलिक के अलावा लेक्चरर अमित तथा इलेक्शन कानूनगो कृष्ण हुड्डा सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों को इस बात के लिए निर्देशित किया गया कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में इस काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें.