सिरसा | हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) में पंजीकृत युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने की पहल शुरू की गई है. सरकारी विभागों में HKRN के जरिए नियुक्ति का अवसर नहीं मिलने वाले युवाओं को अब उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर निजी औद्योगिक इकाइयों में रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा. उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित और योग्य युवाओं के लिए HKRN ने निजी औद्योगिक इकाइयों से संपर्क बढ़ाया है.

इस संबंध में सिरसा के लघु सचिवालय सभागार में एमएसएमई और उद्योग विभाग की ओर से जिले के उद्योगपतियों के साथ बैठक आयोजित की गई. इसमें हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन एवं हरियाणा कौशल रोजगार निगम के स्वतंत्र निदेशक देवकुमार शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे.
मैनपावर की जरूरत
बैठक में HKRN के डीजीएम वैश जैन, उद्योग विभाग के उप निदेशक दिनेश कुमार, एडीसी अर्पित संगल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और जिले के उद्योगपति शामिल हुए. एडीसी अर्पित संगल ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को प्रशिक्षित कर्मचारियों के साथ अलग-अलग कार्यों के लिए अन्य मैनपावर की भी आवश्यकता होती है. इन जरूरतों को HKRN की सेवाओं के जरिए पूरा किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि पहले भी निजी क्षेत्र की कुछ कंपनियों को उनकी ट्रेड और जरूरत के अनुसार HKRN के माध्यम से कर्मचारी उपलब्ध करवाए गए हैं.
योग्य अभ्यर्थियों की सूची
देवकुमार शर्मा ने बताया कि निजी औद्योगिक इकाइयों को पहले HKRN पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा. इसके बाद कंपनी अपनी मैनपावर की जरूरत और संबंधित पदों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकेगी. मांग अपलोड होने के बाद करीब 10 दिनों के भीतर संबंधित उद्योग को योग्य अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. इसके बाद, कंपनी अपनी जरूरत के अनुसार अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया और इंटरव्यू के लिए बुला सकेगी.
नहीं लिया जाएगा शुल्क
देवकुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि HKRN पोर्टल पर पंजीकरण से लेकर अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए भेजने तक किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता. औद्योगिक इकाइयों के लिए भी HKRN की सेवाएं निशुल्क हैं. उन्होंने बताया कि कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां पहले से HKRN के माध्यम से मैनपावर ले रही हैं. अब सिरसा के उद्योगपतियों से भी इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की गई है.