चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. दिन में धूप के साथ तेज हवाएं चलती है और रात के तापमान में गिरावट आई है. दिसंबर की शुरूआत के साथ ही उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में जारी बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों पर साफ नजर आने लगा है. सुबह के समय कुछ जगहों पर धुंध नजर आने लगी है. आज से लगातार 3 दिन पश्चिम विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके चलते हरियाणा मे 4 शहरों में शीतलहर चल सकती है.
इसमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और पंचकूला शामिल है. पहले भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा में न्यूनतम तापमान के साथ- साथ अधिकतम तापमान में गिरावट आई है.
यहां इतना रहा तापमान
राज्य में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है. सबसे बड़ी गिरावट रोहतक, गुरुग्राम और हिसार में देखने को मिली. बुधवार रात गुरुग्राम में तापमान सबसे कम 3.5 डिग्री दर्ज किया गया है और हिसार में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. हरियाणा के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से नीचे चला गया था.
आगे जानें मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार आने वाले दिनों में कई जगह तेज शीतलहर चलने की संभावना है. दिसंबर के पहले सप्ताह में बारिश की कोई संभावना नहीं है. लगातार शुष्क मौसम और उत्तरी हवाओं के चलते अगले 10 से 12 दिन ठंड बढ़ेगी. 4 और 5 दिसंबर को पंजाब से लगते हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में हल्का धुंध कोहरा बनने की संभावना है. इससे सुबह और देर रात ठंड ओर ज्यादा असर दिखाएगी.
