चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Haryana Govt) ने महिला कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है. अब इन महिला कर्मियों को मनचाहे जिले में पोस्टिंग मिल सकेगी. सरकारी विभागों, बोर्ड- निगमों और स्वायत्त निकायों में तैनात ग्रुप C और D महिला कर्मचारियों को उनके मनपसंद जिले में पोस्टिंग देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा नीति तैयार की जा रही है.
परिवहन सुविधा का मिलेगा लाभ
इतना ही नहीं, सरकार द्वारा रात्रि पाली में काम करने वाली सभी महिला कर्मचारियों को घर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए परिवहन सुविधा का भी लाभ दिया जाएगा. इसके लिए भी व्यवस्था बनाई जाएगी.
3 साल के लिए दिया जाएगा पहला स्टेशन
राज्य में अप्रैल महीने से सभी विभागों में आनलाइन ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू होगी. विशेष बात यह है कि अविवाहित या तलाकशुदा या विधवा महिला कर्मचारी को पहले ‘जनरल ट्रांसफर ड्राइव’ में भाग लेने की आवश्यकता नहीं होगी.
ऐसे मामलों में विवाह के बाद उनसे विकल्प मांगा जाएगा तथा नवविवाहिता या अन्य उक्त श्रेणी की महिला कर्मचारियों को उसके विकल्प के अनुसार 3 साल के लिए पहला स्टेशन दिया जाएगा. पहले स्टेशन पर 3 साल काम कर चुकी महिला कर्मचारी यदि ट्रांसफर ड्राइव में भाग लेती है, तो उसके पसंद का पहला, दूसरा या तीसरा स्टेशन दिया जाएगा.
दिव्यांग को मिलेगा लाभ
ऑनलाइन ट्रांसफर में महिला कर्मचारियों को अतिरिक्त अंक भी मिलेंगे. इसी प्रकार 100% दिव्यांग या 80% लोकोमोटिव दिव्यांग कर्मचारी को स्थानांतरण नीति के अनुसार पहली पसंद का स्टेशन ही दिया जाएगा.
