चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने वीरवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के साथ हुई समीक्षा बैठक में घोषणा की कि ‘बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत राज्य की सभी महिला सरपंचों और ग्राम प्रधानों को उनके गांवों का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा. इस शुरुआत का लक्ष्य प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए इस मिशन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है.
लिंगानुपात सुधार के प्रयासों की हो रही सराहना
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि ‘पीसीपीएनडीटी’ को सख्ती से लागू किया जाएगा, ताकि भ्रूण हत्या को रोका जा सके और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. इस अधिनियम के तहत, 2015 से अब तक कुल 1,220 एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. इसके लिए गांवों में नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदेश सरकार द्वारा लिंगानुपात सुधार के लिए किए गए प्रयासों की पूरे देश में सराहना हो रही है.
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने घोषणा करते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत राज्य की सभी महिला सरपंचों को उनके संबंधित गांवों का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। #Haryana #DIPRHaryana pic.twitter.com/yySx1KahIg
— DPR Haryana (@DiprHaryana) January 17, 2025
भारत सरकार से मिला अनुदान
उन्होंने बताया कि राज्य के 563 आंगनबाड़ी केंद्रों को ‘सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र’ में अपग्रेड करने के लिए भारत सरकार से 5.63 करोड़ रुपये का अनुदान मिला है. इसके अलावा, 2307 आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड करने का एक और प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है. आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन केंद्रों के पास अपना भवन नहीं है, उन्हें अस्थायी रूप से खाली पड़े या कम उपयोग वाले स्कूलों और अन्य सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया जाए और यहाँ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
