चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी जिले के कासनी गांव निवासी सेना के जवान रवि प्रकाश का बेंगलुरु में निधन हो गया. मंगलवार सुबह ग्राउंड में फिजिकल एक्टिविटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. साथी जवान उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रवि प्रकाश की मौत हार्ट फेल होने से हुई. रवि प्रकाश 2015 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे.

उनकी तैनाती राष्ट्रीय राइफल की 54 बटालियन में कश्मीर में थी. कुछ दिनों से वह प्रमोशन कोर्स के लिए बेंगलुरु में थे. बताया जा रहा है कि मंगलवार को उनकी ट्रेनिंग का आखिरी दिन था.
परिवार से की बात
रवि के पिता श्रीकृष्ण सांगवान ने बताया कि सोमवार रात रवि ने VIDEO कॉल के जरिए पत्नी और बेटे से बात की थी. बातचीत के दौरान उन्होंने जल्द हवलदार बनने की खुशी भी जताई थी. रवि ने परिवार से कहा था कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वह हवलदार बनकर घर लौटेंगे. परिवार को क्या पता था कि यह रवि से उनकी आखिरी बातचीत होगी. मंगलवार सुबह ट्रेनिंग के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना परिवार को मिली. इसके बाद अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया.
चरखी दादरी के सपूत, भारतीय सेना के हवलदार श्री रवि प्रकाश जी का बेंगलुरु में प्रशिक्षण के दौरान शहादत का समाचार अत्यंत दुःखद है।
देश की सेवा में दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरण किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत को शांति दें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान… pic.twitter.com/MhJFXaM5pd
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) August 18, 2026
पीछे छोड़ गए पत्नी
रवि प्रकाश अपने पीछे पत्नी सुनीता और 8 साल के बेटे देव को छोड़ गए हैं. उनकी पत्नी होममेकर हैं. पिता श्रीकृष्ण सांगवान खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि मां नीलम गृहिणी हैं. रवि के बड़े भाई दिनेश भी खेती करते हैं. उनकी बड़ी बहन प्रीति शादीशुदा हैं. सेना की ओर से रवि प्रकाश का पार्थिव शरीर गांव लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. देर शाम तक शव कासनी गांव पहुंचने की संभावना है. इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
चरखी दादरी निवासी भारतीय सेना के हवलदार श्री रवि प्रकाश जी की बेंगलुरु में प्रशिक्षण के दौरान शहादत का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
मातृभूमि की सेवा के प्रति उनका समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन सदैव सम्मान के साथ स्मरण किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान… pic.twitter.com/k5VjU1nmVu
— Kumari Selja (@Kumari_Selja) August 18, 2026
नेताओं ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी रवि प्रकाश के निधन पर शोक जताया. उन्होंने कहा कि देश की सेवा में दिया गया जवान का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरण किया जाएगा. सांसद कुमारी सैलजा और दादरी विधायक सुनील सांगवान ने भी रवि प्रकाश के निधन पर दुख व्यक्त किया. कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जवान की शहादत का समाचार बेहद दुखद है. मातृभूमि की सेवा के प्रति रवि प्रकाश का समर्पण और अनुशासन हमेशा याद किया जाएगा.