चरखी दादरी के 500 साल पुराने इस श्याम मंदिर का होगा जीर्णोद्धार, दान में हुई लाखों रुपए की धनवर्षा

चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी जिले से श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बाढड़ा क्षेत्र के गांव हंसावास कलां के श्री श्याम बरनाला मंदिर का जीर्णोद्धार कर उसे नया स्वरूप दिया जाएगा. करीब 500 साल से लोगों की श्रद्धा का केंद्र बने इस मंदिर की पहचान ठाकुर दास के नाम से होती है. इस मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए अनेक सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने दिल खोलकर दान देने की घोषणा की है जिससे श्रद्धालुओं में खुशी की लहर छा गई है.

Shyam Barnala Temple

गांव के बड़े बुजुर्गो ने बताया कि 1605 ईस्वी पूर्व से स्थापित गांव हंसावास में पहले यहां पर साधु- संतों द्वारा श्री श्याम को ठाकुर जी के नाम से पूजा जाता था. अकाल के समय यहां अनाज व खाद्य सामग्री का वितरण होता था, जिससे ग्रामीणों की मंदिर के प्रति श्रद्धा बढ़ती ही चली गई.

ग्रामीणों ने दिए 22 लाख रुपए

पहले इस मंदिर के पास सैकड़ों बीघा जमीन थी लेकिन मंदिर प्रबंधन कमेटी ने इसे अलग-अलग पंचायतों के नाम कर दिया. अब मंदिर के पास जो जमीन हैं, उसपर गौशाला का संचालन किया जाता है. गौवंश के लिए चारा सहित अन्य फसलें उगाई जाती है.

मंदिर कार्यसमिति के अध्यक्ष जगदीश हंसावास ने बताया कि आसपास के गांवों से पंचायत प्रतिनिधि व गणमान्य व्यक्ति मंदिर की पुरानी बिल्डिंग की जगह नई बिल्डिंग का निर्माण कर रहे हैं. इसके लिए समस्त गांव के लोगों ने स्वेच्छा से 22 लाख रुपए की धनराशि एकत्रित की है.

दान में हुई धनवर्षा

इसके अलावा हरियाणा स्टोन क्रशर एसोसिएशन अध्यक्ष सोमबीर सिंह घसौला ने 550 टन रोड़ी क्रेशर सामग्री, सामाजिक कार्यकर्ता गुणपाल जेवली ने 5 लाख की राशि से सरिया व अन्य सामग्री, दी केंद्रीय सहकारी बैंक चेयरमैन सुधीर चांदवास ने 500 बैग सीमेंट, श्रम आयुक्त चंद्रपाल श्योराण ने 20 हजार ईंटें, प्रज्ञा स्कूल संस्था चेयरमैन कृष्ण जेवली ने 71 हजार, मनोज जेवली ने 51 हजार, पवन सोनी चांदवास ने 51 हजार और संदीप ठेकेदार घसौला ने 51 हजार की राशि दानस्वरूप दी है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.