हरियाणा की पहलवान बेटी नेहा सांगवान ने मंगोलिया में दिखाया दमखम, वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में जीता गोल्ड मेडल

चरखी दादरी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां चरखी दादरी जिले के गांव बलाली की बेटी नेहा सांगवान ने वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने चार महिला पहलवानों को पटखनी देते हुए भारत की झोली में स्वर्ण पदक डाला है. उनकी इस उपलब्धि पर खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है.

Neha Sangwan 1

57 किलोग्राम भारवर्ग में किया था प्रतिनिधित्व

नेहा सांगवान के कुश्ती कोच सज्जन सिंह ने बताया कि मंगोलिया के उलानबटोर में सीनियर आयु वर्ग की वर्ल्ड रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न देशों से कई महिला पहलवानों ने शिरकत की. इस चैंपियनशिप में नेहा ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और अपने शानदार खेल की बदौलत गोल्ड मेडल जीतकर न केवल परिवार, बल्कि हिंदुस्तान और हरियाणा का नाम रोशन कर दिया है.

ऐसा रहा फाइनल का सफर

पहले मुकाबले में नेहा सांगवान ने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 7- 4 के अंतर से हराकर चैंपियनशिप में जीत से शुरुआत की. दूसरे मैच में उन्होंने अपने सामने वाली खिलाडी को 11- 0 के स्कोर से एकतरफा हराते हुए अपने इरादों को जाहिर कर दिया था. इसके बाद, खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में नेहा ने 6- 0 और फाइनल में 4- 0 के स्कोर से जीत हासिल कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया.

यह भी पढ़े -  एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम से रहेगी गोल्ड की उम्मीदें, हरियाणा की बेटी रितु करेगी कप्तानी

नेहा सांगवान ओलंपियन महिला कुश्ती खिलाड़ी एवं जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के गांव से हैं. नेहा विनेश फोगाट को ही अपना आदर्श मानती है और उन्हीं के पदचिन्हों पर चलकर भारत के लिए ओलम्पिक खेलों में मेडल जीतना चाहती है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.