फरीदाबाद | दिल्ली से सटे फरीदाबाद के शहरी विस्तार की तैयारी तेज हो गई है. हरियाणा सरकार जिले के 51 गांवों की करीब 11 हजार एकड़ जमीन लेकर नए सेक्टर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है. इसके लिए जमीन देने के इच्छुक किसानों से ई- भूमि पोर्टल के जरिए आवेदन मांगे गए हैं. किसान 31 अक्टूबर 2026 तक अपनी जमीन की पेशकश कर सकते हैं. प्रस्तावित योजना के तहत जमीन उपलब्ध होने के बाद यहां करीब 40 नए सेक्टर विकसित किए जा सकते हैं.
इन सेक्टरों में आवासीय, वाणिज्यिक और अन्य शहरी गतिविधियों के लिए योजनाबद्ध विकास किए जाने की संभावना है. इससे शहर के बढ़ते विस्तार को व्यवस्थित दिशा देने की उम्मीद है.
बढ़ेगी जमीन खरीद की प्रक्रिया
सरकार ने फिलहाल जमीन देने के इच्छुक किसानों से ई-भूमि पोर्टल पर अपनी पेशकश दर्ज कराने को कहा है. इसके बाद जमीन खरीद और सेक्टर विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. ऐसे में किसानों की भागीदारी इस पूरी योजना के लिए अहम मानी जा रही है. 1 एकड़ जमीन देने वाले किसान को प्राधिकरण के नियमानुसार सेक्टर में 1,000 वर्गगज का रिहायशी प्लाट और 90 वर्गगज का कमर्शियल प्लाट दिए जाने का प्रावधान बताया गया है.
फरीदाबाद में लगातार बढ़ते शहरीकरण के कारण आवास, सड़क, सीवर, पेयजल और सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है. ग्रेटर फरीदाबाद समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में आवासीय सोसायटियां और कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं. ऐसे में नए सेक्टर बसाने की योजना को भविष्य की जरूरतों से जोड़कर देखा जा रहा है.
इन 51 गांवों की जमीन प्रस्तावित
डबुआ, गाजीपुर, भांकरी, पाली, भूपानी, नचौली, कांवरा, फरीदपुर, सदपुरा, नीमका, फतुपुरा, तिगांव, बदरोला, मंधावली, बुखारपुर, नवादा तिगांव, दयालपुर, पहलादपुर माजरा बदरौला, जुन्हेडा, कौराली, मौजपुर, अटाली, पहलादपुर, फफूंदा, गढ़खेड़ा, पन्हेड़ा खुर्द, नराहवली, बहवलपुर, लडोली, सुनपेड, सागरपुर, डीग, शाहपुर खुर्द, सीकरी, कैलगांव, जाजरू, नंगला जोगियान, भनकपुर, खंदावली, नेकपुर, फतेहपुर तगा, मादलपुर, सरूरपुर, खेड़ी गुजरान, नंगला गुजरान, कुरेशीपुर, बाजड़ी, नारियाला, फतेहपुर बिल्लौच, प्रहलादपुर माजरा डीग और पियाला शामिल हैं.
