फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद शहर से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां सरकारी कार्यालयों का हब माने जाने वाले सेक्टर- 12 की सभी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत राशि से इन सभी सड़क मार्गों पर डामर मिक्सचर की एक परत बिछाई जाएगी. HSVP ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए टेंडर पहले ही जारी कर दिए गए हैं और इसी महीने काम शुरू होने की उम्मीद है.
फरीदाबाद से खत्म होगी परेशानी
सेक्टर- 12 दिल्ली- आगरा हाइवे और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे के बीच पड़ता है. यहां हाइवे को एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली सड़कें पहले से बनी हुई है लेकिन अंदर की सड़कें खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी है. कई सड़कें बिल्कुल गढ्ढों में तब्दील हो चुकी है जिसके चलते रोजाना दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है. खासतौर पर जलभराव के दौरान वाहन चालकों को और ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है क्योंकि गढ्ढे दिखाई नहीं देते हैं.
इस सेक्टर की सड़कों पर मिनी सचिवालय, जिला कोर्ट, HSVP, तहसील कार्यालय, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, रेड क्रॉस, टाउन पार्क, हरियाणा राज्य खेल परिसर, जीएसटी भवन, श्रम विभाग और श्रम न्यायालय के दफ्तर पड़ते हैं. DC, ADC, एसडीएम, पुलिस अधिकारी और माननीय जज हर रोज इन सड़कों से आवागमन करते हैं.
सुरक्षित बनेगा सफर
प्रदेश सरकार में मंत्री और विधायक अक्सर मिनी सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते रहते हैं. यह सेक्टर मुख्य रूप से रिहायशी नहीं है लेकिन आसपास के सेक्टरों 9, 10, 11, 12, 14, 15 और 17 से आवागमन करने वाले लोग इस सेक्टर की सड़कों का इस्तेमाल सबसे ज्यादा करते हैं.
सेक्टर- 12 की सड़कों और पार्किंग क्षेत्रों की मरम्मत की जाएगी जिसके बाद लोगों को आरामदायक व सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा. जल्द ही इसपर काम शुरू होगा- संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, HSVP
