फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. बड़ी खुशखबरी यह है कि वित्त वर्ष 2026- 27 के बजट में बतौर वित्त मंत्री बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने NIT से ग्रेटर फरीदाबाद को जोड़ने के लिए प्रस्तावित ईस्ट- वेस्ट प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान करते हुए 1,550 करोड़ रुपए का फंड देने की घोषणा कर दी है.
इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से गुरुग्राम से आने वाले लोग चंद मिनटों में बिना कहीं रूके सीधे ग्रेटर फरीदाबाद की दूरी तय कर पाएंगे. अभी स्मार्ट सिटी में सैनिक कालोनी को ग्रेटर फरीदाबाद से जोड़ने के लिए कनेक्टिविटी का अभाव है. वर्तमान में दोनों इलाकों को जोड़ने के लिए कोई सीधी सड़क की सुविधा नहीं है जिसके चलते वाहन चालकों को एक्स्ट्रा दूरी और ट्रैफिक जाम से जूझते हुए ग्रेटर फरीदाबाद का सफर तय करना पड़ता है. मिनटों की दूरी लगभग 1 घंटे में जाकर पूरी होती है.
इन जगहों पर बनेंगे अंडरपास व फ्लाईओवर
ईस्ट- वेस्ट प्रोजेक्ट के तहत 8 जगहों पर अंडरपास व फ्लाईओवर निर्माण प्रस्तावित है. इनमें बड़खल गांव के ऊपर से एक फ्लाईओवर निकाला जाएगा. दूसरा फ्लाईओवर सैनिक कॉलोनी मोड़ पर गुरुग्राम रोड से उतरते बड़खल रोड तक बनाया जाएगा. तीसरा फ्लाईओवर बड़खल गांव में पार करते हुए झील के साथ बनेगा. चौथा फ्लाईओवर अनखीर चौक पर होगा, जो अनखीर-गुरुग्राम को जोड़ने के साथ ही गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड और ग्रेटर फरीदाबाद को जोड़ने वाले हाईवे को जोड़ने काम करेगा.
सैनिक कालोनी से दो कनेक्टिड फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. पहला फ्लाईओवर 1.6 किमी लंबा सैनिक कालोनी से ESI चौक तक बनेगा. दूसरा फ्लाईओवर सैनिक कॉलोनी से प्याली चौक, हार्डवेयर चौक से बाटा चौक तक बनेगा. यहां से दिल्ली की तरफ जाने पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अजरौंदा चौक स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास अंडरपास बनाया जाएगा. यहां 300 मीटर लंबा अंडरपास सेक्टर- 12 रोड पर निकलेगा. यहां से बीपीटीपी चौक तक एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. इस पूरे रूट की लंबाई लगभग 9 किलोमीटर रहेगी.
अनखीर चौक बनेगा जंक्शन
ईस्ट- वेस्ट प्रोजेक्ट की DPR के तहत अनखीर चौक को जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा. बड़खल गांव के ऊपर निकलने वाला फ्लाईओवर यहां जुड़ेगा. इसके अलावा, सुरजकुंड- गुरुग्राम रोड भी यहीं जुड़ेगी. यही मार्ग आगे राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने का कार्य करेगा जिससे यहां ट्रैफिक का भारी दबाव रहने की संभावना है.
बाटा रेलवे ओवरब्रिज पर राष्ट्रीय राजमार्ग की तरफ उतरते समय स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा. ये स्लिप रोड नीलम पुल की तरफ ऊपर उठती हुई जाएगी. अजरौंदा चौक के समीप स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास अंडरपास बनेगा, जो सेक्टर- 12 में निकलेगा. सेक्टर- 12 एस्कार्ट कंपनी के पास 1 किमी लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा. यह बीपीटीपी चौक पर समाप्त होगा. NIT से जिन लोगों को बाईपास या ग्रेटर फरीदाबाद जाना है तो वह अंडरपास का इस्तेमाल कर सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग को पार कर सकते हैं.
