फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में फरीदाबाद जिले से उत्तराखंड की हसीन वादियों में घूमने के शौकीन लोगों को बड़ी सौगात दी गई है. बता दें कि रोडवेज विभाग ने बल्लभगढ़ से देहरादून के लिए सीधी AC बस सेवा को हरी झंडी दिखा दी है. इस लंबे रूट पर एसी बस की आरामदायक सीटें यात्रियों के सफर को सुहाना बना देगी.
यह रहेगा शेड्यूल
बल्लभगढ़ बस स्टैंड डीआई भागीरथ शर्मा ने बताया कि बल्लभगढ़ से देहरादून के लिए एसी बस सेवा को फिर से शुरू कर दिया गया है. सर्द मौसम में यात्रियों की संख्या कम होने के चलते इस बस सेवा को रोक दिया गया था लेकिन अब यात्रियों के बढ़ते रिस्पांस को देखते हुए फिर से इसे शुरू कर दिया गया है.
भागीरथ शर्मा ने बताया कि यह बस सुबह साढ़े 9 बजे बल्लभगढ़ बस स्टैंड से रवाना होकर NIT फरीदाबाद बस स्टैंड पहुंचेगी. यहां से 10 बजे रवाना होकर ISBT दिल्ली पहुंचेगी. यहां से दोपहर 12.20 बजे रवाना होकर शाम करीब साढ़े 5 बजे देहरादून पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में देहरादून से बल्लभगढ़ के लिए सुबह 05.15 बजे रवाना हो जाएगी. इस बस में बल्लभगढ़ से मेरठ तक 190 रुपए, रूड़की के लिए 415 रुपए और देहरादून के लिए 560 रुपए प्रति व्यक्ति यात्री किराया निर्धारित किया गया है. इस बस में किराए पर किसी तरह की छूट का लाभ नहीं मिलेगा.
आरामदायक सफर का मिलेगा अनुभव
रोडवेज अधिकारी ने बताया कि इस एसी बस सेवा में कंफर्टेबल सीटें लंबी दूरी के सफर के हिसाब से यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव कराएगी. देहरादून के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली जाकर बस बदलने के झंझट से छुटकारा मिलेगा. फैमिली के साथ देहरादून की हसीन वादियों में घूमने वालों के लिए यह बस पहली पसंद बनी हुई है. बल्लभगढ़ और NIT फरीदाबाद से ही सीटें लगभग फुल हो जाती है.
