फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा खाटूश्याम सहित यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है ताकि यात्रियों को बेहतर सफर का अनुभव मिल सकें. इसी कड़ी में होली पर्व पर खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए बल्लभगढ़ से स्पेशल बस सेवा संचालित करने का फैसला लिया गया है.
खाटूश्याम जाएगी बस
बल्लभगढ़ रोडवेज डिपो के डीआई भागीरथ शर्मा ने बताया कि खाटूश्याम मंदिर के लिए बल्लभगढ़ बस स्टैंड से बस रोजाना सुबह 9 बजे रवाना होगी. यह बस NIT फरीदाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी और नारनौल होते हुए शाम करीब 6 बजे खाटूश्याम पहुंचेगी. बीच रास्ते इन क्षेत्रों के श्रद्धालु भी इस सीधी बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे.
उन्होंने बताया कि बल्लभगढ़ से खाटूश्याम के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 345 रुपए निर्धारित किया गया है. वहीं, गुरुग्राम के लिए 55 रुपए और रेवाड़ी का किराया 185 रुपए रहेगा. 60 साल से ऊपर के बुजुर्गो को किराए पर 50% छूट का लाभ मिलेगा. यह साधारण बस रहेगी तो आप हैप्पी कार्ड पर भी मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकते हैं. 3- 12 साल के बच्चे की आधी टिकट लगेगी.
यात्रियों को मिलेगी राहत
डीआई भागीरथ शर्मा ने बताया कि खाटूश्याम धाम पर आयोजित वार्षिक फाल्गुनी मेले और फिर होली पर्व को देखते हुए इन दिनों खाटूश्याम जाने वाली सभी बसें सवारियों से खचाखच भर कर जा रही है. अतिरिक्त भीड़- भाड़ होती है तो स्पेशल बस भी चलाई जा रही है. जैसे ही सवारियों से बस फुल हो जाती है बस को रवाना कर दिया जाता है.
