फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा बल्लभगढ़ के यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा की सुविधा उपलब्ध कराते हुए यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में फरीदाबाद सहित एनसीआर से वृंदावन जाने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है.
यात्रियों के लिए अच्छी खबर
बल्लभगढ़ बस स्टैंड के डीआई भागीरथ शर्मा ने बताया कि फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से बड़ी संख्या में लोग मथुरा और वृंदावन के लिए सफर करते हैं. बल्लभगढ़ बस स्टैंड से सुबह 5 बजे से ही इन रूटों पर बसों का संचालन शुरू हो जाता है और हर आधे घंटे बाद फिर दूसरी बस चलने का समय हो जाता है.
उन्होंने बताया कि हालांकि, वृंदावन के लिए कोई स्पेशल बस नहीं चलती है. जो बसें आगरा जाती हैं वही रास्ते में वृंदावन के छटीकरा मोड़ पर सवारियों को उतार देती है. जिनको वृंदावन जाना होता है वो इन्हीं बसों में सवार होते हैं. ये बसें आमतौर पर फ्लाईओवर के ऊपर से निकल जाती है क्योंकि UP ट्रैफिक पुलिस जाम की वजह से नीचे से बसों को जाने की इजाजत नहीं देती है.
ऐसे में वृंदावन के लिए जाने वाले श्रद्धालु छटीकरा (वृंदावन मोड़) पर बस से उतर जाते हैं और वहां से ऑटो या टैक्सी पकड़कर आगे का सफर तय करते हैं. वापसी में भी बसें फ्लाईओवर के ऊपर से ही आती है.
यह रहेगा किराया
भागीरथ शर्मा ने बताया कि बल्लभगढ़ से मथुरा का किराया 150 रुपए, वृंदावन का 135 रुपए और आगरा का 230 रुपए निर्धारित किया गया है. यात्रियों को ऑफलाइन टिकट ही लेना होगा. जिन व्यक्तियों के पास हैप्पी कार्ड हैं, वो निःशुल्क यात्रा यात्रा का लाभ उठा सकते हैं. वहीं, 60 साल से ऊपर आयु के बुजुर्गो का आधा किराया लगता है.
