फरीदाबाद में किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगा मुफ्त पानी, यमुना किनारे इस गांव में बनेगा पहला STP

फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद में यमुना नदी के पानी को प्रदुषित होने से बचाने के लिए प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. इस संबंध में किनारे बसते 6 गांवों के गंदे पानी को यमुना नदी में जाने से रोकने के लिए गांव इमामुद्दीनपुर में साढ़े 3 MLD क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किया जाएगा. इसके लिए 16 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार किया गया है.

Kisan Fasal

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से इस योजना को मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है. इसी महीने मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई गई है, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी.

यमुना किनारे होगा पहला STP

यमुना नदी किनारे किसी गांव में बनने वाला यह पहला STP होगा. इस STP में केवल इमामुद्दीनपुर गांव का ही नहीं बल्कि शाहजहांपुर, फज्जुपुर, चांदपुर, साहुपुरा, अरुआ सहित आसपास के गांवों का पानी भी आएगा जो साफ होकर यमुना नदी में जाएगा. वर्तमान में इन गांवों का पानी सीधे यमुना नदी में जा रहा था, जिससे पानी प्रदुषित हो रहा था.

इस मामले में NGT ने गंभीरता दिखाते हुए STP स्थापित करने का आदेश दिया था लेकिन जमीन नहीं मिलने से बात नहीं बन पा रही थी. अब STP का निर्माण जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग करेगा जबकि जमीन दिलाने की जिम्मेदारी खंड विकास एवं पंचायत विभाग को सौंपी गई थी.

किसानों को खेती के लिए मिलेगा मुफ्त पानी

इमामुद्दीनपुर में STP स्थापित होने के बाद उपरोक्त 6 गांवों के किसानों को खेत में सिंचाई के लिए मुफ्त पानी मिलेगा. पानी देने की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की रहेगी. सिंचाई विभाग STP से साफ पानी को टैंक में स्टोर करेगा और फिर यहां से पंप के माध्यम से विभिन्न खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा. इस तरह किसानों को रोजाना सिंचाई के लिए साढ़े 3 MLD पानी की सुविधा मिलेगी. इससे किसानों को सिंचाई के लिए ट्यूबवेलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा क्योंकि यह पानी 24 घंटे उपलब्ध रहेगा.

यमुना नदी के दूषित पानी का सीधा असर आमजन से लेकर पशुओं और फसलों पर देखने को मिल रहा है. यहां किनारे बसे गांवों में पशु यमुना नदी का ही पानी पीते हैं. वहीं, सब्जियों पर भी दूषित पानी का विपरित असर पड़ रहा था. यमुना किनारे रेनीवेल लगे हुए हैं जिनसे शहर में पानी की सप्लाई होती है. इस पानी में टीडीएस की मात्रा बहुत ज्यादा आ रही थी लेकिन अब STP स्थानीय होने से इन तमाम परेशानियों से छुटकारा मिलेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.