फरीदाबाद | हरियाणा जिले के फरीदाबाद के बल्लभगढ़- सोहना ब्रिज पर रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत का कार्य शनिवार को भी शुरू नहीं हो सका. प्रशासन की ओर से 22 जुलाई को काम शुरू करने की बात कही गयी थी लेकिन काम शुरू नहीं हुआ और न ही रेलवे ओवरब्रिज को बंद किया गया. ऐसे में इलाके में दिनभर अफरा- तफरी का माहौल रहा. रेलवे के अधिकारियों ने रात को रेलवे ओवरब्रिज का मरम्मत कार्य शुरू करने का विश्वास दिया था. जिसकी सोशल मीडिया पर खबरें खूब विस्तार से छपी थी, यहां तक कि अखबारों में भी प्रिंट हुई थी.
अधिकारियों ने कहा कि यह यातायात के लिए बंद रहेगा और 29 जुलाई तक इसे बंद रखा जाएगा. सोहना रेलवे ओवरब्रिज पर बनी सड़क पूरी तरह से टूट गई है. रोड टूटने से यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. समस्या के समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग ने सड़क की मरम्मत कराने की योजना बनाई है.
इस काम पर करीब 63 लाख रुपये खर्च होंगे. PWD ने 22 जुलाई से 29 जुलाई तक काम करने की बात कही थी, जिसके लिए ओवरब्रिज को बंद रखा जाएगा. बता दें शनिवार को दिन में काम शुरू नहीं हुआ, जिसके कारण ट्रैफिक रेलवे ओवरब्रिज से होकर गुजरता रहा. रेलवे ओवरब्रिज रविवार को यातायात के लिए बंद रहेगा और काम पूरा होने तक बंद रहेगा.
इस रास्ते से जाएं बल्लभगढ़ NIT
बल्लभगढ़ से NIT की ओर आवागमन करने वाले लोगों को जेसीबी चौक या बाटा रेलवे ओवरब्रिज से होकर गुजरना होगा. पीडब्ल्यूडी (PWD) के एक्सईएन प्रदीप सिंधु ने बताया है कि रात में ट्रैफिक नहीं होता है. इसलिए काम करने में सुविधा रहती है. शनिवार रात से काम शुरू किया जा रहा है और जल्द ही इसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा.
कई इलाकों में बाधित रहेगी बिजली
इस मरम्मत कार्य के चलते 220 केवी उपकेंद्र पाली सब डिवीजन में तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. इस दौरान नयागांव, राम कॉलोनी, IP कॉलोनी, नंगला में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. वहीं 66 केवी सब स्टेशन में मरम्मत कार्य के चलते 45 मिनट तक बिजली आपूर्ति बंद की जाएगी.
यहां रिंग रोड NH- 2, आउटर रोड, डबुआ कॉलोनी, 27 फीट रोड, पाली रोड, गोल्फ क्लब, नगर निगम, नवादा, हार्डवेयर, पर्वतीया कॉलोनी 1, 2, जवाहर कॉलोनी 1, 2, जनता कॉलोनी, टेक्सटाइल कॉलोनी 1, 2 और एयर फोर्स कॉलोनी में लोगों को दिक्कत हो सकती है. यहां सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी.
निर्माण के लिए एक साल का समय: SE
शहर के सेक्टर 2 में करीब 1.55 एकड़ जमीन पर पॉलीक्लिनिक बिल्डिंग का निर्माण किया जाना तय है. जानकारी के मुताबिक, यहां दो मंजिला बिल्डिंग बनेगी. अस्पताल के निर्माण पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च होने हैं. इसके बनने से सेक्टर- 2, 3, 64, 65, 62, IMT एरिया समेत कई कॉलोनियों और नहरपार के गांवों को फायदा होगा. HSVP के SE संदीप दहिया ने बताया है कि हमने इसका निर्माण पूरा करने के लिए एक साल की समय सीमा तय की है.
