फरीदाबाद की गीतिका ने UPSC में हासिल की 22वीं रैंक, बताया कैसे लगाई कामयाबी की छलांग

फरीदाबाद | शिक्षा के क्षेत्र से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा घोषित किए गए सिविल सर्विस एग्जाम में फरीदाबाद के बल्लभगढ़ की रहने वाली गीतिका ने 22वीं रैंक हासिल कर देशभर में हरियाणा का नाम रोशन किया है. वर्तमान में गीतिका केंद्र सरकार में जिला यूथ ऑफिसर की ट्रैनिंग हासिल कर रही है.

Gitika

गीतिका की इस उपलब्धि पर घर में खुशियां छाई हुई है. रिजल्ट घोषित होने पर घर पहुंची गीतिका का परिजनों और स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया. हर किसी ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. पिता मोहन अरोड़ा ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हुए खुशी जाहिर की है.

बताया अपनी सफलता का राज

बल्लभगढ़ स्थित रावल पब्लिक स्कूल से शुरुआती शिक्षा ग्रहण करने वाली गीतिका ने दिल्ली विश्वविद्यालय के इंद्रप्रस्थ महिला कॉलेज से कॉमर्स में स्नातक और फिर सोशल विषय में मास्टर्स डिग्री हासिल की है. गीतिका ने बताया कि पहले और तीसरे प्रयास में तो प्रीलिम्स भी क्लियर नहीं हो पाया था लेकिन उन्होंने पीछे हटने की बजाय और ज्यादा मेहनत पर जोर दिया. चौथे प्रयास में उन्होंने इस बड़ी उपलब्धि को हासिल कर साबित कर दिया है कि यदि आप निरंतर परिश्रम करते हैं तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमती है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- फरीदाबाद के बीच फर्राटेदार होगा सफर, 800 करोड़ से बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर; देखें रूट

ईमानदारी पर जताया भरोसा

गीतिका अरोड़ा ने युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि यदि ईमानदारी, धैर्य और निरंतर परिश्रम से आप अपनी मंजिल की ओर बढ़ते हैं तो सफलता अवश्य मिलती है. सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास सफलता की इबारत लिखते हैं. उन्होंने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता- पिता और दोस्तों को देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में परिजनों और दोस्तों के सहयोग ने उन्हें मंजिल तक पहुंचने की प्रेरणा दी.

उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी इस कामयाबी से प्रेरित होकर युवा पीढ़ी खासतौर पर लड़कियां आने वाले समय में UPSC सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के झंडे गाड़ने का काम करेगी. उन्होंने कहा कि वो पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन करते हुए देश की सेवा करेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.