फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में स्थित फरीदपुर गांव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अच्छे-अच्छे प्राइवेट स्कूलों को मात देता नजर आता है. खेलकूद हो या पढ़ाई, हर मामले में यह स्कूल और स्कूलों से बेहतर साबित होता है. यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम हो या खेलकूद, हर क्षेत्र में बच्चों का जज्बा देखते ही बनता है. विद्यार्थियों को यहां स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब जैसी लेटेस्ट सुविधा दी जा रही है.
हर कमरे में है डिजिटल बोर्ड
तीन मंजिला बिल्डिंग वाले इस स्कूल में हर कमरे में डिजिटल बोर्ड लगे हुए हैं. इतना ही नहीं, बच्चों के खेलने के लिए पार्क की भी सुविधा है. पढ़ाई के मामले में भी यह स्कूल बाकी स्कूलों को काफी पीछे छोड़ता नजर आता है. यहां के बच्चे हर साल 10वीं और 12वीं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं. पिछले साल कॉमर्स के विद्यार्थी ने 96.2% अंक लाकर पूरे जिले में टॉप किया.
1 लाख 11 हजार का इनाम भी दिया गया. स्कूल की टीचर्स शायरी रानी, सोनिया, रानी, ईश्वर सिंह नागर और अनुराधा ने जानकारी दी कि यहां बच्चे और शिक्षक दोनों में ही काफी अनुशासन है. वहीं, शिक्षकों में भी आपस में तालमेल है.
मिलता है स्वादिष्ट भोजन
विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, पर्यावरण के प्रति जागरूकता, योगा, ताइक्वांडो और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भी जागरूक किया जाता है. 12वीं तक के इस स्कूल में 700 बच्चे पढ़ते हैं. जल्दी ही इसे सीबीएसई बोर्ड से जोड़ दिया जाएगा. श्रुति, संगीता और नंदनी छात्राओं ने जानकारी दी कि यहां बनने वाला खाना भी काफी स्वादिष्ट होता है जिसे पहले फूड इंचार्ज खुद टेस्ट करते हैं फिर बाकी बच्चों को भरोसा जाता है. कई विद्यार्थी तो ऐसे हैं जो प्राइवेट स्कूलों को छोड़कर इस विद्यालय में आए हैं.
