फरीदाबाद | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां फरीदाबाद जिले के तिगांव की बेटी सरिता अधाना ने एशिया कप पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में अपने अद्भुत प्रदर्शन का परिचय देते हुए हिंदुस्तान का नाम रोशन किया है. सरिता ने व्यक्तिगत स्पर्धा, मिश्रित टीम और महिला डबल्स में 3 गोल्ड मेडल जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 5-11 फरवरी के बीच आयोजित हुई जिसमें दुनिया भर से कई पैरा तीरंदाज खिलाड़ियों ने शिरकत की थी.
सरिता के नाम कई वर्ल्ड रिकॉर्ड
भाई सुमित अधाना ने बताया कि सरिता अधाना सोनीपत स्थित साई सेंटर में कोच मोनिका रावल की देखरेख में प्रशिक्षण हासिल कर रही है. इससे पहले भी उन्होंने नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर अपने दमदार खेल की बदौलत देश-दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया है. वह चार बार वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर चुकी हैं. पैरा ओलम्पिक में सरिता 5वें स्थान पर रही थी.
शहर में खुशी का माहौल
सरिता अधाना की इस ऐतिहासिक जीत पर न केवल तिगांव बल्कि फरीदाबाद शहर तक खुशी का माहौल बना हुआ है. खेल प्रेमियों, प्रशासन और परिजनों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है. वहीं, कोच मोनिका रावल ने सरिता की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की बदौलत सरिता ने आज इस उपलब्धि को हासिल किया है.
कोच मोनिका रावल ने कहा कि सरिता की उपलब्धि अन्य पैरा तीरंदाजों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन गई है. अन्य खिलाड़ी उनके खेल से प्रेरणा लेते हुए भविष्य में अच्छे खेल का मुआयना पेश करेंगे. उनकी इस जीत से भारत को आगामी नेशनल और इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में और ज्यादा पदक जीतने की उम्मीद बढ़ गई है. हमें सरिता अधाना पर गर्व है कि उन्होंने विदेशी सरजमीं पर हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है.
