फरीदाबाद | नए साल के शुभ अवसर पर फरीदाबाद जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. इस खास मौके पर फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण लाल गुर्जर ने ‘हॉस्पिटल ऑन व्हील्स’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. चलती- फिरती इन अत्याधुनिक बसों के जरिए गरीब, श्रमिक और मजदूरों को अपने घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

फरीदाबाद में मिलेगी सुविधा
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण लाल गुर्जर ने कहा कि चलती- फिरती ये बसें किसी अस्पताल से कम नहीं होगी. इन बसों को पूरी तरह से आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं से लैस किया गया है और एक छोटे अस्पताल की तरह काम करेंगे. इन मेडिकल वाहनों में एसी, जनरेटर, एक्स- रे मशीन और अत्याधुनिक लैब की सुविधा उपलब्ध कराई गई है जहां सभी प्रकार के खून की जांच की जा सकेगी.
उन्होंने बताया कि इस सेवा को शुरू करने का उद्देश्य उन गरीब और मजदूरों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है जो पूरे दिन मेहनत- मजदूरी करते हैं और समय के अभाव में अस्पताल नहीं जा पाते हैं. अब यह चलता- फिरता अस्पताल उनके घर और काम करने की जगह पर पहुंचकर जांच, परामर्श और प्राथमिक उपचार जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा.
समय पर इलाज मिलना होगा आसान
उन्होंने कहा कि इन बसों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाएं किसी स्थायी अस्पताल से कम नहीं है. इनमें मरीजों की जांच, एक्स- रे और खून की सभी तरह की जांच की व्यवस्था की गई है. यहां प्राथमिक जांच के बाद जरूरत पड़ने पर मरीजों को आगे के इलाज के लिए संबंधित अस्पतालों में रेफर भी किया जाएगा.
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा कि इस पहल से फरीदाबाद सहित आसपास के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर इलाज की सुविधा मिलना आसान हो जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने जनता के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की जिसके तहत आज करोड़ों लोग सालाना 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा उठा रहे हैं.