फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लोगों को जल्द ही जल संकट से राहत मिलने वाली है. बता दें कि नगर निगम ने यहां नई पाइपलाइन बिछाने की योजना बनाई है, जिससे शहर में लंबे समय से पेयजल की आ रही समस्या दूर होगी और उन्हें नियमित और साफ पानी मिलेगा.नगर निगम द्वारा इस कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. जल्द ही, प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. अधिकारियों के अनुसार नई पाइपलाइन बिछने से पानी के रिसाव और सप्लाई में रुकावट जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी.

इन इलाकों में होगा काम
अधिकारियों के अनुसार फरीदाबाद के अशोका- 3 के कनिष्क रेजिडेंसी क्षेत्र और वार्ड- 24 के नांगपुर डेयरी व आसपास के इलाकों में नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी. इन क्षेत्रों में लंबे समय से खराब पाइपलाइन के कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है.
वार्ड- 24 में पोलू भड़ाना वाली गली, नांगपुर डेयरी और अन्य हिस्सों में पुरानी लाइन हटाकर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी. इससे पानी का दबाव सुधरेगा और सप्लाई नियमित होगी.
इस कार्य पर लगभग 4.82 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे. नगर निगम 22 अप्रैल के बाद काम शुरू करने की तैयारी में है और इस कार्य को 95 से 160 दिनों के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
लोगों को मिलेगी राहत
इन क्षेत्रों में पुरानी CI जल आपूर्ति लाइन बार-बार खराब हो जाती है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है. कई बार पानी की आपूर्ति पूरी तरह रुक जाती है. नई पाइपलाइन लगने के बाद पानी का प्रवाह सुचारू होगा और बार- बार आने वाली सप्लाई बाधा पूरी तरह खत्म होगी. इससे इन इलाकों को नियमित जल की आपूर्ति मिलेगी.