फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लोगों को जल्द ही सीवर ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलने वाली है. बता दें कि फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (FMDA) ने ग्रेटर फरीदाबाद की मास्टर सीवर लाइन को दुरस्त करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. इस परियोजना पर करीब 18 करोड़ रुपए का खर्च किए जाएंगे. इससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सीवर ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.

गंदे पानी को STP तक पहुंचाना
FMDA ने 45 KM लंबी मास्टर सीवर लाइन का अधिग्रहण कर लिया है और अब इसके रखरखाव, सफाई व मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा. इस योजना का मुख्य उद्देश्य गंदे पानी को STP तक पहुंचाना है. यह काम ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर 78 से 89 और आसपास के क्षेत्रों में किया जाएगा, जहां सीवर लाइन की स्थिति बेहद खराब है.
मास्टर सीवर लाइन का गंदा पानी STP में जाने की बजाय इधर- उधर फैल रहा है. इसके कारण गंदा पानी जगह- जगह पर जमा हो रहा है. सेक्टर- 78 में हैबीटेट सोसायटी के सामने और फरीदपुर गांव के सरकारी स्कूल के पास तो सीवर के गंदे पानी से तालाब बन गया है. तालाब में गंदे पानी की बदबू आने के कारण यहां बच्चों का पढ़ना दुभर हो गया है. यहां कई ऐसी लाइने है जो टूटी हुई है.
गहराई से समस्या का समाधान
इस परियोजना के तहत हाई प्रेशर जेटिंग मशीनों और सुपर सकर मशीनों की सहायता से सीवर लाइनों की गहराई से सफाई की जाएगी. निर्धारित समय तक ऑपरेशन और मेंटेनेंस का कार्य जारी रहेगा ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दुबारा ना हो. इससे इन सेक्टरों में रहने वालों लाखों लोगों को फायदा होगा. मानसून के दौरान होने वाले जलभराव व गंदगी से राहत मिलेगी.