फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर की वार्ड नंबर- 3 स्थित जनता कालोनी के लोगों के चेहरों पर 40 साल बाद मुस्कान लौटी है. इस कालोनी के 1640 परिवारों को मालिकाना हक देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए नगर निगम द्वारा एक विशेष कमेटी गठित की गई है जो दस्तावेजों की जांच कर पात्र लोगों के मकानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित करेगी.
40 साल से था इंतजार
अपने मकानों पर मालिकाना हक को लेकर जनता कालोनी के लोग पिछले 40 सालों से संघर्ष कर रहे थे. उन्होंने इस मामले को स्थानीय बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा के सामने उठाया था. विधायक ने इस मामले को लेकर हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में सरकार से जवाब मांगा था. शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने इसका जवाब देते हुए कहा कि सरकार इन परिवारों को मालिकाना हक देने की तैयारी कर रही है.
उन्होंने बताया कि नगर निगम कमिश्नर धीरेन्द्र खड़गटा की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित हो चुकी है. कमेटी सभी लोगों को बुलाकर उनके दस्तावेज जांचने का काम करेगी. जिसके बाद मालिकाना हक देने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा.
पैसा जमा करा चुके हैं लोग
प्रदेश सरकार द्वारा जनता कालोनी में 40 साल 1640 जरूरतमंद लोगों को मकान आवंटित किए गए थे. इन मकानों के लिए लाभार्थियों से किस्तों के रूप में भुगतान भी लिया गया था. पूरा भुगतान करने के बावजूद भी बहुत से परिवारों को रजिस्ट्री का इंतजार है. कुछ परिवार ऐसे भी हैं जिन्होंने अभी तक पूरा भुगतान नहीं किया है.
