फरीदाबाद | हरियाणा के औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से एक दिल को छू लेने वाली घटना सामने आई है. जहां एक कबाड़ी ने कबाड़ में बेचे गए सामान में गलती से बेचे गए (लगभग 100 ग्राम) सोने के गहनों को वापिस किया. यह घटना फरीदाबाद की भगत सिंह कॉलोनी की है. आइए जानते है पूरा मामला…
कबाड़ी को बेचा सामान
जानकारी के अनुसार, दिवाली की सफाई के दौरान स्थानीय निवासी अशोक शर्मा के परिवार ने अनजाने में गहनों से भरा एक पैकेट कबाड़ के सामान के साथ बेच दिया. परिवार ने कीमती आभूषणों को चोरी से बचाने के लिए कागज में लपेटकर एक बोरे में रख दिया ताकि सामान चोरी ना हो. बाद में सफाई के बाद उन्होंने सारा कबाड़ बेच दिया और सोने के गहने भी साथ चले गए.
15 लाख सोने की कीमत
बोरे के अंदर लगभग 15 लाख रुपए तक की ज्वेलरी रखी थी. जब परिवार के लोग दिवाली पूजा करने लगे उस समय उन्हें सोने की याद आई, जो उन्होंने चोरों से बचाने के लिए कबाड़ में बोरी में रख दिया था. उसके बाद, परिवार कबाड़ी के पास गया और सारी कहानी बताई. कबाड़ी ने गोदाम में रखे सामान में से सोने का सामान तलाश कर अशोक शर्मा और उसके परिवार को ACP जितेश मल्होत्रा की हाजिरी में वापस की.
चौतरफा प्रशंसा बटोर रहा मामला
कबाड़ी की इस ईमानदारी की चर्चा चौतरफा प्रशंसा बटोर रही है. स्थानीय लोगों ने कबाड़ी की तारीफ करते हुए कहा कि आज के समय में ऐसे ईमानदार लोग मिलना बहुत मुश्किल है. इस मौके पर एसीपी सिटी जितेश मल्होत्रा और गहनों के मालिक अशोक शर्मा ने कहा कि कबाड़ी हाजी अख्तर खान की इस नेक पहल ने ईमानदारी की मिशाल कायम की है और अन्य लोगों को भी इससे सीख लेनी चाहिए.
