फरीदाबाद सेक्टर- 113 बना निवेशकों की पहली पसंद, तेजी से बढ़ रहा रियल एस्टेट बाजार

फरीदाबाद | हरियाणा में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों की नजर अब शहर के नए विकसित होने वाले सेक्टरों पर टिक गई है. पुराने और विकसित इलाकों में जमीन और प्लॉट की कीमतें लगातार बढ़ने के कारण मध्यम वर्ग के लिए वहां घर बनाना मुश्किल होता जा रहा है. ऐसे में लोग उन क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं जहां अभी विकास की शुरुआत हो रही है और भविष्य में बेहतर कनेक्टिविटी व सुविधाओं की उम्मीद है. इन्हीं उभरते सेक्टरों में फरीदाबाद का सेक्टर- 113 भी तेजी से चर्चा में है.

City Colony Town Shahar

प्रॉपर्टी डीलर विजय मलिक के अनुसार, नए सेक्टरों में सबसे पहले योजना तैयार की जाती है. उसके बाद धीरे- धीरे सड़क, बिजली, पानी और कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाता है. सेक्टर- 113 में विकास की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और कई प्राइवेट बिल्डर यहां काम कर रहे हैं.

जानें कीमत

वर्तमान में सेक्टर- 113 में प्लॉट की कीमत करीब 75 हजार रुपये प्रति गज तक पहुंच चुकी है. जैसे- जैसे यहां रेरा अप्रूव्ड प्रोजेक्ट्स आगे बढ़ेंगे, वैसे- वैसे कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. इस सेक्टर की एक बड़ी खासियत इसकी चौड़ी सड़क योजना है जहां 60 मीटर चौड़ी डिवाइडिंग रोड के साथ दोनों तरफ व्यापक सड़क नेटवर्क प्रस्तावित है. इसके अलावा, सेक्टर के पास 90 मीटर चौड़ा बाईपास और 30 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट भी विकसित की जाएगी. साथ ही, 12 मीटर चौड़ी सर्विस रोड की योजना भी इस सेक्टर को बेहतर यातायात सुविधा देने के लिए बनाई गई है.

जुडेंगे नेटवर्क

यहां से मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेसवे तक संपर्क मिलेगा. लगभग 75 मीटर चौड़ा मार्ग इसे प्रमुख हाईवे नेटवर्क से जोड़ेगा जिससे दिल्ली- एनसीआर और अन्य बड़े शहरों तक पहुंच आसान हो जाएगी. इस क्षेत्र के सबसे नजदीकी सुविधाओं में बल्लभगढ़ का राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड शामिल हैं, जो लगभग 11 से 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं. स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल जुन्हेड़ा गांव में मौजूद है जबकि फरीदाबाद का बड़ा सरकारी अस्पताल भी लगभग 10 से 11 किलोमीटर दूर है.

हो रहा विकसित

प्लॉट साइज की बात करें तो सेक्टर- 113 में न्यूनतम 200 गज के प्लॉट उपलब्ध होंगे, क्योंकि यह एनआईएलपी प्रोजेक्ट के तहत विकसित हो रहा है. यहां अधिकतम 350 गज तक के प्लॉट खरीदे जा सकते हैं. जैसे- जैसे सेक्टर का विकास आगे बढ़ेगा, यहां रहने वाले लोगों को और अधिक आधुनिक सुविधाएं मिलने की संभावना है जिससे यह क्षेत्र भविष्य में प्रमुख रिहायशी हब के रूप में उभर सकता है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.