फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद शहर की दीवारों को खूबसूरत पेंटिंग्स के साथ सजाया जा रहा है. इन पेंटिंग्स के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरुकता का संदेश दिया जा रहा है. फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए कलाकार दीवारों पर रंग भर रहे है, जिससे न सिर्फ शहर का सौंदर्य बढ़ा है, बल्कि लोगों में जागरूकता भी फैल रही है.

देशभक्ति की गाथा गा रही पेंटिंग्स
दिल्ली- मथुरा रोड पर बदरपुर से लेकर बल्लभगढ़ तक फ्लाईओवर और उसकी दीवारों को रंग- बिरंगी और संदेश देने वाली पेंटिंग्स से सजाया जा रहा है. खास बात यह है कि ऑपरेशन सिंदूर जैसी थीम पर भी चित्र बनाए गए है, जो लोगों का ध्यान अपनी ओर खिंचते है. इसके साथ ही इसमें इंडियन आर्मी, इंडिया गेट, वायु सेना और जल सेवा जैसी पेंटिंग्स भी बनाई गई है, जो मानो देशभक्ति की गाथा गा रही हो.
इन पेंटिंग्स को बनाने के लिए 5 लोग दिन- रात काम कर रहे है. पिछले 15 से 16 दिनों से लगातार यहां अलग- अलग थीम पर चित्र बना रहे है, जिसमें अधिकतर भारतीय सेना से जुड़ी झलकियां शामिल है. इसमें इंडियन आर्मी को रिप्रेजेंट किया जा रहा है, जिसमें तोप, फाइटर जेट जैसी खूबसूरत पेंटिंग्स शामिल है.
शहर की छवि में बदलाव
फरीदाबाद जो दिल्ली- NCR का एक प्रमुख औद्योगिक शहर है, अब रंगीन दीवारों की कारण अपनी पहचान बदलता दिख रहा है. पहले जहां खाली या गंदी दीवारें थी, अब वहां आकर्षक कला दिख रही है. इससे शहर साफ- सुथरा और व्यवस्थित लगता है. इसके साथ ही, लोगों में भी सार्वजनिक जगहों को साफ रखने की भावना बढ़ती है. इससे स्वच्छ भारत जैसे अभियानों को मजबूती मिलेगी.