फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल जिले पीएम सूर्य घर योजना (PM Surya Ghar Yojana) के तहत जल्द रोशन नजर आएंगे. यहां के उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा मुफ्त बिजली देने के लिए 27,000 सौर ऊर्जा कनेक्शन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इस परियोजना के लिए विभाग द्वारा खाका तैयार किया जा चुका है. इसके तहत, यदि कोई उपभोक्ता 3 किलोवाट तक का सौर ऊर्जा कनेक्शन लगाएगा, तो उसे 78,000 रुपये का अनुदान भी दिया जाएगा.
2026- 27 तक पूरा होगा लक्ष्य
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2026- 27 तक के लिए प्रारूप तैयार कर लिया गया है. इसके तहत, फरीदाबाद में मौजूदा वित्तीय वर्ष में 1,595 सौर ऊर्जा कनेक्शन दिए जाएंगे. वित्तीय वर्ष 2025- 26 के लिए 8,920 और वित्तीय वर्ष 2026- 27 के लिए 8,920 कनेक्शन दिए जाएंगे. यहाँ कुल 19,435 कनेक्शन लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसी प्रकार पलवल में मौजूदा वित्तीय वर्ष 2024- 25 के लिए 625, 2025- 26 के लिए 3,500 और वित्तीय वर्ष 2026- 27 के लिए 3,500 कनेक्शन दिए जाएंगे.
विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि जो उपभोक्ता 3 किलोवाट तक का सौर ऊर्जा कनेक्शन लगवाना चाहेगा, उन्हें 78,000 रुपये का अनुदान दिया जाएगा.
उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत
इस पर उपभोक्ता को हर महीने 450 यूनिट बिजली दी जाएगी, जिससे उसे काफी हद तक हर महीने आने वाले बिजली के बिल से मुक्ति मिलेगी. यदि उपभोक्ता 3 किलोवाट तक का सौर ऊर्जा कनेक्शन लगवाएगा तो उस पर लगभग 1,60,000 रुपये की राशि खर्च होगी, जिस पर केंद्र सरकार 78,000 रुपये का अनुदान देगी.
इस बारे में जानकारी देते हुए एस.के. सिंह, अधीक्षण अभियंता (कर्मिशियल), डीएसबीवीएन मुख्यालय ने बताया, ”एक से तीन किलोवाट तक का सौर ऊर्जा कनेक्शन लगवाने के लिए 30 से 78 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है. सभी श्रेणी के घरेलू उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. सौर ऊर्जा पैनल लगवाने के लिए अब तो बैंक भी ऋण दे रहे हैं.”
