फरीदाबाद में फोरलेन बनेगी यह सड़क, 20 गांवों की आबादी को मिलेगा सीधा फायदा

फरीदाबाद | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में बल्लभगढ़ में मोहना रोड को बाईपास से लेकर ऊंचा गांव तक फोरलेन बनाने का काम शुरू हो चुका है. इस सड़क मार्ग के फोरलेन बनने से 20 गांवों की हजारों की आबादी के लिए सफर करना आसान व सुरक्षित हो जाएगा.

Fourlane Highway

लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा मोहना रोड को सेक्टर- 64 से लेकर बाईपास तक एलिवेटेड बनाया जा रहा है. ऊंचा गांव से लेकर बाईपास तक यह सड़क टू- लेन बनी हुई थी लेकिन अब एलिवेटेड रोड को ध्यान में रखते हुए PWD ने बाईपास से लेकर ऊंचा गांव तक फोरलेन सीमेंटेड रोड बनाने का काम छेड़ दिया है.

फरीदाबाद में जल्द पूरा हो काम

इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए साइड से रास्ता खोदा गया है. बराबर में खोदाई होने के कारण कोई हादसा न हो जाए इसलिए सड़क को बाईपास के पास भारी पत्थर लगाकर बंद किया हुआ है. इससे ग्रामीणों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है.

मोहना रोड के बंद हो जाने से इस सड़क मार्ग से आवागमन करने वाले लोग सेक्टर- 64- 65 से होकर या फिर तिगांव रोड से बल्लभगढ़ के लिए आवाजाही कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि कुछ दिन परेशानी जरूर झेलनी पड़ेगी लेकिन बाद में इसका फायदा भी मिलेगा. लोगों ने पीडब्ल्यूडी से जल्द इस काम को पूरा करने का आग्रह किया है ताकि लंबे समय तक परेशानी न उठानी पड़े.

इन गांवों की आवाजाही होगी आसान

मोहना रोड के बाईपास से ऊंचा गांव तक फोरलेन निर्माण से चंदावली, सोतई, शाहपुर कलां, बहबलपुर, मच्छगर, नवादा तिगांव, बुखारपुर, मुजैड़ी, पन्हैड़ा खुर्द, पन्हैड़ा कलां, दयालपुर, अटाली, नरहावली, नरियाला, हीरापुर, छांयसा, मोठूका, अरुआ, चांदपुर, साहूपुरा खादर और यमुना पार खादर के 15 गांवों के हजारों लोगों के लिए आवाजाही सुगम और सुरक्षित हो जाएगी. इस सड़क मार्ग पर ट्रैफिक दबाव बढ़ चुका है जिसको देखते हुए फोरलेन सड़क का निर्माण बहुत जरूरी हो गया था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.