फरीदाबाद | हरियाणा की सब्जी मंडियों में इन दिनों महंगाई ने आम लोगों के बजट को हिला दिया है. सीजन के दिनों में ही सब्जियों के दाम आसमान छू रहे है. ऐसे में सब्जी खरीदने से पहले आम आदमी को हजार बार सोचना पड़ रहा है. मंडी में टमाटर, हरी मिर्च व अन्य सब्जियों के दामों में तेजी देखने को मिल रही है जिससे थाली महंगी होती जा रही है.

मंडी के भाव पर डाले नजर
फरीदाबाद की बल्लभगढ़ सब्जी मंडी के ताजा भाव पर नजर डालें तो कई सब्जियों के दाम ऊंचे स्तर पर पहुंच गए है. जहां भिंडी 60 रुपए प्रति किलोग्राम, करेला 40 रूपए प्रति किलोग्राम, तोरी 80 रुपए प्रति किलोग्राम, कटहल 60 रूपए प्रति किलोग्राम, शिमला मिर्च 50 रुपए प्रति किलोग्राम, अरबी 60 रुपए प्रति किलोग्राम, सहजन 80 रुपए प्रति किलोग्राम और परवल 60 रुपए प्रति किलोग्राम मिल रहे है.
वही मंडी के व्यापारियों का कहना है कि कीमतों में उछाल मौसम की मार और आपूर्ति में कमी के कारण हुई है. महंगाई का असर साफ दिख रहा है क्योंकि ग्राहक अब पहले की तरह ज्यादा खरीददारी नहीं कर रहे. लोग बस जरूरत के हिसाब से ही सब्जियां ले रहे है और खर्च बचाने की कोशिश कर रहे है. हरी सब्जियां पहले के मुकाबले ज्यादा महंगी हो गई है.
आम आदमी की बढ़ी चिंता
व्यापारियों के अनुसार इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण मौसम में बदलाव है. कई जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि के चलते सब्जियां खराब हो गई, जिससे उनकी आवक कम हुई. इससे मांग के मुकाबले सप्लाई घट गई और सब्जियों के दाम ऊंच स्तर पर पहुंच गए. इसके अलावा परिवहन लागत में बढ़ोतरी और ईंधन के बढ़ते दामों का भी असर हुआ है. यदि आने वाले दिनों में मौसम की यही स्थिति रहती है और आवक कम होती है, तो कीमत ओर बढ़ सकती है. वर्तमान में मंडी के भाव आम आदमी की चिंता का विषय बन रहे है.