फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लोगों के लिए जरूरी खबर सामने आई है. बता दे कि फरीदाबाद में दो दिन तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहने वाली है. दरअसल, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) द्वारा रेनीवेल लाइन नंबर-1 को दिल्ली – मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है. इसी कार्य के चलते 28 मार्च सुबह 8 बजे से 30 मार्च सुबह 8 बजे तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी.
ये इलाके रहेंगे प्रभावित
इस शटडाउन का असर फरीदाबाद शहर के लगभग 10 इलाकों पर पड़ने वाला है. इन इलाकों मे सुभाष कॉलोनी, भीम बाग, मिल्क प्लांट, जैन कॉलोनी, पंचायत भवन क्षेत्र, सेक्टर – 25, शहीद पार्क, गांव गौंछी, सेक्टर-58 और बल्लभगढ़ का JCB चौक शामिल है. इन इलाकों में रहने वाले हजारों परिवारों को दो दिन इस समस्या का सामना करना पड़ सकता है.
अधिकारियों के अनुसार यह कार्य शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत और भविष्य के लिए अधिक सुचारू बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पाइपलाइन के इंटरकनेक्शन के बाद पानी का दबाव सुधरेगा और लीकेज व प्रेशर की समस्या कम होगी, हालांकि अभी के लिए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी.
लोगों से अपील
FMDA ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि पानी का जरूरत के हिसाब से उपयोग करें और अनावश्यक खर्च से बचे, ताकि दो दिन बंद रहने वाली पेयजल आपूर्ति के दौरान उन्हें समस्या न आए. इसके साथ ही कहा है कि वे पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर ले.खासकर गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने यह सावधानी बरतने की सलाह दी है. वही अधिकारियों का कहना है कि नियमित समय-सीमा के अंदर काम पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति पहले की तरह हो सके.
