फतेहाबाद | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां फतेहाबाद जिले (Fatehabad District) के गांव बैजलपुर का लाल 18 वर्षीय संजय इनानिया प्रो कबड्डी लीग में अपना दमखम दिखाएगा. पुनेरी पल्टन में उनका सिलेक्शन हुआ है और वह इस टीम के लिए डिफेंडर की भूमिका में नजर आएंगे.
पिछले साल हुआ था सिलेक्शन
संजय ने बताया कि उन्होंने कैथल जिले के पाई गांव में स्थित कबड्डी एकेडमी में सरकारी कोच दिलबाग सिंह के पास ट्रेनिंग ली है और यहां से खेलने के दौरान ही मुंबई में हुई ट्रायल में पुनेरी पल्टन की टीम में उनका चयन हुआ. पुनेरी पल्टन की टीम में उनका पिछले साल सिलेक्शन हुआ था लेकिन उस समय उम्र 18 साल नहीं हुई थी. ऐसे में वो इस साल पुनेरी पल्टन की टीम के लिए खेलते नजर आएंगे.
उन्होंने बताया कि प्रो कबड्डी लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया मई महीने में होगी. उसके बाद, अगस्त महीने में प्रो कबड्डी लीग का आयोजन होगा. यह लीग पूरे 2 महीने चलेगी. इसमें कई बड़े खिलाड़ियों के साथ संजय भी अपने दमदार खेल से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करेगा.
भारतीय टीम में खेलने का सपना
बेहद साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले संजय इनानिया ने बताया कि उनका सपना इंडियन कबड्डी टीम में शामिल होकर हिंदुस्तान का प्रतिनिधित्व करना है और इसके लिए वो निरंतर कड़ी मेहनत कर रहे हैं. पुनेरी पल्टन की ओर से खेलते हुए वो अपने अच्छे खेल की बदौलत टीम को विजेता बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे.
