गुरुग्राम की बदलेगी तस्वीर, 37 किमी सड़क नेटवर्क होगा अपग्रेड; दो सड़कें बनेंगी मॉडल रोड

गुरुग्राम | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने गुरुग्राम के पटौदी विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात देते हुए लगभग 37 किलोमीटर लंबाई की 40 सड़कों के सुदृढ़ीकरण और विशेष मरम्मत कार्यों को मंजूरी दे दी है. इन सड़कों पर निर्माण कार्य मानसून समाप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा जिससे हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.

Sadak Highway Road

पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने बताया कि खोड़ से हेड़ाहेड़ी जाने वाली सड़क की कई वर्षों से मरम्मत नहीं हुई थी. क्षेत्रवासियों की मांग पर इस सड़क के पुनर्निर्माण को भी स्वीकृति मिल गई है.

इन सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण

स्वीकृत परियोजना में हेलीमंडी- मेहचाना रोड से खेड़ा खुरमपुर शिव मंदिर, नानू खुर्द के संपर्क मार्ग, गुरुग्राम- पटौदी रोड से खवासपुर, गोरियावास लिंक रोड, बापस स्कूल से ढाणी तीतरपुर, एचएनपीपी रोड से भोड़ाखुर्द, पटौदी रेस्ट हाउस रोड, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी लिंक रोड, मुसेदपुर, ततारपुर, लोकरी- ढाकिया, डूमा याकूबपुर- हरिनगर, लोकरा- मऊ, धानी सिलारपुर, बृजपुरा, दौलताबाद, बपास-रे लवे क्रॉसिंग, भोड़ाकलां की आंतरिक सड़क, डाडावास फिरनी, खोड़- गदाईपुर, कासन- पंचगांव, पटौदी- खंडेवला वाया रामपुरा और सांपका रोड समेत कई मार्ग शामिल हैं.

जौड़ी खुर्द रोड, जनौला रोड, पचगांव- जमालपुर से ताजनगर-जोनियावास, मौजाबाद- जैतपुर- रेहनवा, मालाहेड़ा- खोड़- रोहडाई, मौजाबाद- जाटोली, बलेवा लिंक रोड, भोड़ाकलां- घोषगढ़ रोड, नरहेड़ा रोड, मालपुरा- लोकरा- मऊ रोड, हेलीमंडी- फरुखनगर वाया खंडेवला, एचएनपीपी रोड से लांगड़ा, रामपुरा- कोटा खंडेवला वाया नौरंगपुर तथा एमईएस रोड से ग्वालियर तक के मार्गों का भी सुदृढ़ीकरण किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम में जलभराव की शिकायत अब WhatsApp पर करें, जारी किया गया 24x7 हेल्पलाइन नंबर

किसानों को मिलेगा लाभ

विधायक ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा. किसानों को कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जबकि विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को भी सुरक्षित और बेहतर सड़क नेटवर्क का लाभ मिलेगा. बिमला चौधरी ने बताया कि टोडापुर-रामपुर और जाटौली-मिर्जापुर सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना है. इन मार्गों पर स्ट्रीट लाइट, वर्षा जल निकासी की आधुनिक व्यवस्था, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे. इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है और जल्द ही निर्माण की मंजूरी मिलने की उम्मीद है.

विधायक बिमला चौधरी ने इन सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह तथा लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा का आभार व्यक्त किया.

Avatar of Puja Kumari
Puja Kumari
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.