गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर से वाहन चालकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के चलते मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सुभाष चौक तक निर्मित सर्विस रोड पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है. मिलेनियम सिटी सेंटर से आ रहे वाहन सेक्टर 44 और 45 की तरफ जाने के लिए सर्विस रोड का इस्तेमाल करते हुए भगवान महावीर मार्ग की ओर जा सकते हैं. इसको लेकर जगह- जगह नोटिस बोर्ड लगाए गए हैं.
वाहन चालकों को मिलेगी राहत
मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर सुभाष चौक तक करीब 6 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क पर मेट्रो रूट निर्माण कार्य के चलते कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है. सेक्टर 44 के नजदीक करीब 200 मीटर लंबा डायवर्ट किया गया है, जिसके चलते पीक आवर्स के दौरान सेक्टर 44 अंडरपास तक पहुंचने में ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता था. इस समस्या को दूर करने के लिए सर्विस रोड को खोल दिया गया है. अब वाहन इस रास्ते से होते हुए सेक्टर 44 और 45 की तरफ जा सकते हैं.
नियुक्त होंगे प्रशिक्षित मार्शल
GMRL ने मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर सेक्टर- 9 तक मेट्रो निर्माण का टेंडर आवंटित कर दिया है. इसके तहत, मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर सुभाष चौक पर चार जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया है. GMRL के एक अधिकारी ने बताया कि 3 किलोमीटर में पहले काम किया जायेगा. इसको लेकर करीब 3 हजार बैरिकेड्स का बंदोबस्त किया जा रहा है.
GMRL ने कंपनी को आदेश जारी किए हैं कि प्रशिक्षित ट्रैफिक मार्शल की नियुक्ति की जानी चाहिए. उन्हें ट्रैफिक नियमों की अच्छे से जानकारी होनी चाहिए, ताकि कम से कम ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो.
