गुरुग्राम की ग्लोबल सिटी को दिल्ली- जयपुर हाईवे से जोड़ेगी 60 मीटर चौड़ी नई सड़क, जानें कहां से कहां तक बनेगा रूट

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 36 में प्रस्तावित ग्लोबल सिटी को दिल्ली- जयपुर हाईवे से जोड़ने के लिए 60 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी. वर्तमान में यह सड़क गुरुग्राम- पटौदी हाईवे और द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ चुकी है. अब इसे एक वैकल्पिक मार्ग से जोड़ने की योजना पर काम शुरू हो चुका है.

Sadak Road

अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी

दिल्ली- जयपुर हाईवे पर गांव नरसिंहपुर के पास से 60 मीटर चौड़ी सड़क निकाली जाएगी और इसे ग्लोबल सिटी से जोड़ा जाएगा. इसके लिए करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क तैयार की जाएगी. इसमें लगभग 50% जमीन हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (HSIIDC) के कब्जे में है. वहीं 25% जमीन अधिग्रहण के बाद एचएसआईआईडीसी ने जमीन मालिकों को लौटा दी है. बाकी 25% जमीन का अधिग्रहण फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है.

सड़क निर्माण में आने वाली बाधाएं होंगी दूर

सड़क निर्माण में आने वाली अड़चनों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. 17 जून को शहरी विकास के प्रधान सलाहकार की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में जीएमडीए, भूमि अधिग्रहण विभाग, एचएसआईआईडीसी, गुरुग्राम नगर निगम और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे. इस दौरान मुख्य सड़क के निर्माण को लेकर विचार- विमर्श किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम में बनेंगे 200 MLD के 2 नए STP, 773 MLD तक पहुंचेगी सीवेज क्षमता

करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से जीएमडीए द्वारा द्वारका एक्सप्रेसवे से लेकर मानेसर तक मल्टी- मॉडल सड़क का निर्माण किया जाएगा. यह सड़क दोनों तरफ से 3 लेन की होगी. इसके बन जाने के बाद दोनों औद्योगिक क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी स्थापित हो जाएगी.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts