गुरुग्राम | हरियाणा के परिवहन एवं उर्जा मंत्री अनिल विज बुधवार को गुरुग्राम बस स्टैंड का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के लोगों को जल्द ही एक बेहतरीन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मिलेनियम बस स्टैंड की सौगात दी जाएगी, जिसमें यात्रियों के लिए सभी तरह की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
जल्द तैयार होगा अत्याधुनिक बस स्टैंड
अनिल विज ने कहा कि बहुत जल्द हरियाणा रोडवेज के बेडे में 750 नई बसें शामिल होंगी. उन्होंने बताया कि सभी बसों की फिटनेस जांच के लिए इलेक्ट्रॉनिक सेंटर भी गुरुग्राम में ही बनाने की योजना है. विज ने कहा कि हरियाणा की मिलेनियम सिटी गुरुग्राम की चर्चा आज देश- दुनिया में एक बेहतरीन शहर के तौर पर होती है, लेकिन यहां के बस स्टैंड को देखकर उन्हें काफी निराशा हुई है.
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि गुरुग्राम में नए बस स्टैंड निर्माण को लेकर जमीन संबंधी प्रकिया पूरी हो चुकी है और अब इसको तैयार करने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है. जल्द ही, नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू होगा. इस बस स्टैंड पर यात्रियों को सभी मूलभूत सुविधाएं बिजली, पीने का साफ पानी, वेटिंग रूम, शौचालय, पार्किंग उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
