गुरुग्राम | हरियाणा की साईबर सिटी गुरुग्राम में रहने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां पर रहने वाले लोगों को यदि एंबुलेंस की जरूरत पड़ती है, तो उन्हें घबराना नहीं हैं क्योंकि आपको मात्र 10 मिनट में एंबुलेंस की सेवा आसानी से उपलब्ध होगी.
10 मिनट में एंबुलेंस
गुरुग्राम में अब आपको मात्र 10 मिनट में एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी. देश की बड़ी ई- कॉमर्स कंपनी में शुमार ब्लिंकिट (Blinkit) ने गुरुग्राम में इस एंबुलेंस सेवा की शुरुआत कर दी है, जिससे यहां के लोगों को काफी मदद मिलेगी. लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन स्थिति में फटाफट अस्पताल में पहुंचने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
ब्लिंकिट कंपनी का पहला कदम
ब्लिंकिट कंपनी के सीईओ अलबिंदर ढींढसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है कि “10 मिनट में एंबुलेंस.” हम अपने शहरों में त्वरित और विश्वसनीय एंबुलेंस सेवा प्रदान करने की समस्या को हल करने की दिशा में अपना पहला कदम उठा रहे हैं. पहली 5 एंबुलेंस आज से गुरुग्राम में सड़क पर होंगी. जैसे-जैसे हम अधिक क्षेत्रों में सेवा का विस्तार करेंगे, आपको ब्लिंकिट एप के जरिए बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एंबुलेंस बुक करने का विकल्प नज़र आना शुरू हो जाएगा.
एंबुलेंस में होगी ये मेडिकल सुविधाएं
उन्होंने इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हमारी एंबुलेंस आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस होगी. जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर, एईडी (ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर), स्ट्रेचर, मॉनिटर, सक्शन मशीन और आवश्यक आपातकालीन दवाएं और इंजेक्शन शामिल हैं. प्रत्येक एंबुलेंस में एक पैरामेडिक, एक सहायक और एक प्रशिक्षित ड्राइवर तैनात रहेगा ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि हम जरूरत के समय उच्चतम गुणवत्ता वाली सेवा प्रदान करने में सक्षम हैं. मुनाफा कमाना हमारा उद्देश्य नहीं है.
कितनी कीमत पर कर सकेंगे बुक
Blinkit कंपनी के सीईओ अलबिंदर ढींढसा ने अपने पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें एंबुलेंस बुक करने की कॉस्ट फ्लैट 2 हजार रूपए बताई गई है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिलहाल कीमत 2000 रुपए रखी गई है. हालांकि, फाइनल कीमत आप बुकिंग के दौरान खुद भी देख सकते हैं. उन्होंने बताया कि हम इस सेवा को ग्राहकों के लिए किफायती कीमत पर संचालित करेंगे और लंबी अवधि के लिए इस गंभीर समस्या को हल करने में निवेश करेंगे.
