रास्ते में काफिले को रुकवा क्रिकेट खेलने लगे CM नायब सिंह सैनी, जम कर लगाए चौके- छक्के

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ थीम पर आधारित मैराथन का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) की अचानक नजर पास में क्रिकेट खेलते हुए बच्चों पर पड़ी तो उनका मन भी क्रिकेट खेलने का हुआ. मौके पर ही उन्होंने अपने मंत्रियों के साथ बल्ले से हाथ आजमा लिया. इस दौरान उद्योग मंत्री राव नरवीर सिंह विकेट कीपिंग करते नजर आए, तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े दिखे. यह दृश्य देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. हर कोई मुख्यमंत्री का यह निराला अंदाज देखकर हैरान, लेकिन खुश नजर आया.

CM Nayab Singh Saini

रास्ते में रुकवा दी गाड़ी

मैराथन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री चंडीगढ़ वापस लौट रहे थे, तभी कोर्ट परिसर के सामने ग्राउंड में बच्चे क्रिकेट खेलते नजर आए. मुख्यमंत्री ने तुरंत काफिला रुकवाया और बैटिंग करने की इच्छा जताई. मंत्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री को करीब 3 गेंदें डालीं, जिनमें से 2 को उन्होंने बाउंड्री के पार पहुंचा दिया. इनमें एक शानदार छक्का भी शामिल था. इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद स्थानीय लोगों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई.

दौड़ में भी लिया हिस्सा

आज मुख्यमंत्री सैनी ने न केवल क्रिकेट में हाथ आजमाया, बल्कि 1 किलोमीटर की दौड़ भी लगाई. सुबह 6:30 बजे वह ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ थीम पर आधारित एक मैराथन में पहुंचे थे. वहां कार्यक्रम में 7:00 बजे उपस्थित होकर उन्होंने लोगों को संबोधित किया और फिर 1 किलोमीटर की दौड़ लगाई.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के 5 सेक्टरों में दूर होगी पानी की किल्लत, GMDA बिछाएगा नई पाइपलाइन
Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts