गुरुग्राम में बहेगी विकास की गंगा, जल्द मिलेगी इन बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात; चेक करें लिस्ट

गुरुग्राम | साईबर सिटी गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर बस स्टैंड निर्माण को लेकर जिला डीसी अजय कुमार ने जानकारी साझा की है. उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (HSIIDC) की ओर से परिवहन विभाग को 15 एकड़ जमीन ट्रांसफर करने का काम अंतिम चरण में है. इसके बाद, निर्माण प्रक्रिया को गति प्रदान की जाएगी.

Gurugram City Town

उन्होंने शहर में होने वाले विकास कार्यों के प्रोजेक्ट्स की जानकारी देते हुए कहा कि हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क निर्माण और उसके चौड़ीकरण के लिए नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की ओर से यूटिलिटी शिफ्ट करने का एस्टीमेट मांगा गया है. इसके लिए संबंधित विभागों में आपसी समन्वय स्थापित किया जा रहा है.

जल्द मिलेगी इन प्रोजेक्ट्स की सौगात

जिला डीसी ने बताया कि गुरुग्राम- जयपुर हाइवे पर मानेसर बस अड्डे पर एलिवेटेड रोड और बिलासपुर चौक पर फ्लाईओवर का टेंडर खोला जाएगा. इसके अलावा, सोहना एक्सप्रेसवे से जेल रोड की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. इसमें वन विभाग से आवश्यक मंजूरी ली जा रही है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

उन्होंने कहा इस साल गुरुग्राम के विकास को नए आयाम दिए जाएंगे. श्री माता शीतला देवी मेडिकल कॉलेज और श्री शीतला माता के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होगा. इसके अलावा, ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार का निर्माण कार्य और अत्याधुनिक नागरिक अस्पताल की आधारशिला भी रखी जाएगी.

ओल्ड गुरुग्राम में दौड़ेगी मेट्रो

डीसी अजय कुमार ने लघु सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को धरातल पर अमलीजामा पहनाने के लिए जनरल कंसल्टेंट के अपॉइंटमेंट का काम अंतिम चरण में है. इसके बाद, टेंडर फ्लोट किए जाएंगे. साथ ही, मेट्रो के रूट एलाइनमेंट को लेकर संबंधित विभागों के जो भी मुद्दे हैं, उनका आपसी समन्वय से निपटारा किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.