गुरुग्राम | राजधानी दिल्ली, गुड़गांव से जयपुर के दौरान हाईवे के पास मानेसर में जल्द ही एक अत्याधुनिक EV चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारियां चल रही हैं. बढ़ती इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या को देखते हुए नैशनल हाइवे फॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल (NHEV) ने इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की है. हरियाणा राज्य औद्योगिक और आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) के परिसर के पास इसे स्थापित किया जाएगा. इसके लिए जमीन चिह्नित हो चुकी और अब NHEV ने हरियाणा सरकार और कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह को प्रस्ताव भेज दिया है.
चार्जिंग स्टेशन पर मिलेंगी ये सुविधाएं
इस चार्जिंग स्टेशन पर 100 से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स होंगे, जिसमें 75 एसी और 25 डीसी चार्जर शामिल हैं. इसकी क्षमता एक दिन में 1500 से अधिक वाहनों को चार्ज करने की होगी. यहाँ 24 घंटे, 7 दिन चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे वाहन चालक रात में भी गाड़ी चार्ज कर पाएंगे. चार्जिंग स्टेशन पर खानपान और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी व्यवस्था होगी.
यह प्रोजेक्ट पीपीपी मॉडल पर आधारित होगा. दिल्ली- जयपुर हाईवे को ग्रीन एनर्जी हाईवे के रूप में विकसित करने की योजना के तहत इस चार्जिंग स्टेशन का निर्माण हो रहा है. वर्तमान में इस मार्ग पर सीमित ईवी चार्जिंग स्टेशन होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
सरकार की मंजूरी का इंतजार
NHEV के प्रॉजेक्ट डायरेक्टर अभिजीत सिन्हा ने 30 दिसंबर को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह को इस प्रोजेक्ट के संबंध में पत्र लिखा. फिलहाल, इस चार्जिंग स्टेशन के लिए हरियाणा सरकार की स्वीकृति का इंतजार है. जैसे ही सरकार से हरी झंडी मिलेगी, निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. गुड़गांव में पहले से ही देश के 2 सबसे बड़े ईवी चार्जिंग स्टेशन मौजूद है. सेक्टर- 86 में बने चार्जिंग स्टेशन में 121 चार्जिंग पॉइंट्स हैं, जहां 1,000 से अधिक गाड़ियां चार्ज हो सकती हैं. सेक्टर- 52 का चार्जिंग स्टेशन भी 100 गाड़ियों की चार्जिंग क्षमता के साथ काम कर रहा है.
